: साकेतपुरी संत निवास मंदिर के महंत बने रंगनाथाचार्य
Thu, Jan 19, 2023
रामनगरी के संतो महंतों ने कंठी चद्दर दे कर मंदिर का महंत नियुक्त किया
अयोध्या। भगवान श्री राम की नगरी अयोध्या के प्रमोदवन मोहल्ले में स्थित साकेतपुरी संत निवास मंदिर के महंत बने रंगनाथाचार्य उर्फ रंजन दास। मंदिर के वर्तमान महंत जनार्दन दास चेला पंडित रघुवर गोपाल ने बताया कि मैं वृद्ध हो गया हूं नित्य कर्म पूजा पाठ करने में असमर्थ हूं मंदिर की व्यवस्था देखभाल हेतु मैंने अपने अपने सादिक शिष्य चेला रंगनाथाचार्य उर्फ रंजन दास को अयोध्या के संतो महंतों की उपस्थिति में कंठी चद्दर दे करके मंदिर का महंत नियुक्त किया जिससे मंदिर की व्यवस्था ठाकुर जी का भोग राग उत्सव सवैया सुचार रूप से चलता रहे।
नवनियुक्त महंत रंगनाथाचार्य उर्फ रंजन दास ने बताया कि गुरुदेव भगवान के आशीर्वाद से संतो महंतों की उपस्थिति में प्रमोद वन स्थित संत निवास मंदिर का महंत बनाया गया हूं मैं सनातन धर्म की परंपरा का पालन करते हुए गुरुदेव भगवान की सेवा और मंदिर की व्यवस्था सुचारू रूप से चलाने का प्रयास करता रहूंगा।आये हुए अतिथियों का स्वागत परमहंस आश्रम के अधिकारी राम उजागर दास जी महाराज ने किया। इस अवसर पर मणिराम दास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास मंगल, श्री राम वल्लभा कुंज के अधिकारी राजकुमार दास, मंगल भवन पीठाधीश्वर महंत कृपालु राम भूषण दास, श्रृंगार कुंज के महंत हरिभजन दास, शत्रुघ्न निवास मंदिर के महंत पवन कुमार दास, परमहंस आश्रम के अधिकारी राम उजागर दास, हनुमानगढ़ी के सरपंच महंत राम कुमार दास, हनुमानगढ़ी के मुख्य पुजारी पार्षद रमेश दास, डांडिया मंदिर के महंत गिरीश दास, बावन मंदिर के महंत वैदेही बल्लभ शरण, महंत अयोध्या दास महंत अभिराम दास महंत धर्मदास, चित्रकुटी मंदिर के महंत उत्तम दास, नागा राम लखन दास, कोठारी नंद कुमार दास, पुजारी मोहित दास, शिव नारायण दास, बड़ी कुटिया के महंत गणेश दास, सीताराम निवास मंदिर के महंत भूषण दास, मुकेश तिवारी फौजी सहित सैकड़ों संत महंत उपस्थित होकर महंती दी।
: ओबीसी वर्ग के साथ नहीं होगी ज्यादती : जस्टिस राम अवतार सिंह
Thu, Jan 19, 2023
नगर क्षेत्रों में धूमकर किया जाएगा भौतिक सत्यापन
अयोध्या पहुंचे पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्यों ने ओबीसी जनसंख्या का लिया ब्यौरा
अयोध्या। उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष सदस्यों के साथ गुरुवार को अयोध्या पहुंचे। आयुक्त सभागार में पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्यों ने मंडल के अधिकारी के साथ बैठक की। आयोग के अध्यक्ष जस्टिस राम अवतार सिंह ने मंडल के सभी जिलों के जिला प्रशासन से रिपोर्ट लिया। इसमें ओबीसी आरक्षण को लेकर मंडल के पांचों जिला प्रशासन से ओबीसी की जनसंख्या का ब्यौरा लिया। पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जस्टिस राम अवतार सिंह ने कहा कि प्रशासन से रिपोर्ट ली जा रही है। इसके बाद मौके पर जाकर रिपोर्ट की जांच करेंगे। ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं कोई रिपोर्ट गलत तो नहीं दी गई है। इसके बाद टाउन एरिया, नगर पालिका व मोहल्लों में घूम कर भौतिकी कर जानकारी देंगे। साथ ही ओबीसी की जनसंख्या का आकलन करेंगे। यह भी सुनिश्चित करेंगे कि वहां पर आरक्षण की पोजीशन क्या है, इसकी भी जांच करेंगे। अध्यक्ष जस्टिस राम अवतार सिंह ने कहा कि ओबीसी आरक्षण के लिए सरकार का बहुत बड़ा कदम है। ओबीसी के लिए हम समर्पित हैं, हमारी कोशिश है कि ओबीसी वर्ग के साथ किसी भी प्रकार की ज्यादती न हो। इन्हें प्रतिनिधित्व मिले। उनके साथ अत्याचार ना हो। पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य चोब सिंह वर्मा, महेंद्र कुमार,बृजेश सोनी व संतोष विश्वकर्मा भी रहे मौजूद रहे। अयोध्या में आगमन पर मण्डलायुक्त गौरव दयाल, जिलाधिकारी नितीश कुमार द्वारा आयुक्त सभागार में स्वागत किया। गया। तदोपरांत अध्यक्ष एवं सदस्यगणों द्वारा आयुक्त सभागार में मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारी अयोध्या, जिलाधिकारी सुल्तानपुर रवीश गुप्ता, जिलाधिकारी अम्बेडकरनगर सैमुअल पाल, जिलाधिकारी बाराबंकी अविनाश कुमार, जिलाधिकारी अमेठी राकेश कुमार मिश्र तथा अपर जिलाधिकारीगण (प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय) व नगर निकाय के अपर नगर आयुक्त तथा अधिशासी अधिकारियों आदि से परिचय प्राप्त करते हुये आयोग के गठन एवं इसके उद्देश्यों सहित आदि की जानकारी दी गयी। आयोग के अध्यक्ष न्यायामूर्ति राम औतार सिंह के नेतृत्व में आयोग के सदस्यों ने प्रशासन के साथ वार्तालाप को सकारात्मक बताया तथा सभी से सहयोग की अपील की। अगले चरण में आयुक्त सभागार में विभिन्न राजनैतिक पार्टी के प्रतिनिधियों से मुलाकात की तथा कहा कि पिछड़ा वर्ग समुदाय के प्रति राजनैतिक रूप से स्थानीय निकाय के चुनाव में भागीदारी में कोई अन्याय न हो इसके लिए जिसको जानकारी है वह 20 जनवरी तक प्रत्यावेदन प्रस्तुत कर उपलब्ध करा सकता है इस बैठक में मण्डल के सभी जिलाधिकारियों एवं अपर जिलाधिकारियों द्वारा अपने-अपने जनपद से सम्बंधित स्थानीय निकायों के सम्बंध में संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया गया। आयोग द्वारा यह भी कहा गया कि किसी भी स्थिति में आरक्षण 50 प्रतिशत से अधिक नही हो सकता है इसका भी ध्यान रखा जाय तथा अन्य पिछड़ा वर्ग का आरक्षण 27 प्रतिशत से ज्यादा न हों। मण्डलायुक्त गौरव दयाल ने मण्डल के सभी अधिकारियों से आयोग द्वारा चाही गयी सभी सूचनाओं को सटीक आकड़े निर्धारित समय अवधि में प्रस्तुत करने को कहा तथा आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यगणों का मण्डल अयोध्या में आगमन एवं आयोग द्वारा दी गयी जानकारियों के लिए आभार व्यक्त किया तथा सभी अधिकारियों से सहयोग की अपील की। बैठक का संचालन अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय अमित सिंह ने किया।
: भक्तिपथ की जद में आने वाले भवनों का ध्वस्तीकरण पूर्ण
Thu, Jan 19, 2023
रेडीमिक्स कंक्रीट प्लाट व मशीनरी मोबलाईजेशन कराकर, सीवर लाइन का कार्य प्रारम्भ
अयोध्या विजन डाक्यूमेंट 2047 को लेकर डीएम ने की बैठक
अयोध्या। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने आयुक्त सभागार में मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या के चहुंमुखी विकास हेतु अयोध्या विजन डाक्यूमेंट 2047 के अन्तर्गत कराये जा रहे विभिन्न विकास परियोजनाओं को आगणन की विशिष्टताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्व रूप से पूर्ण करने हेतु सम्बंधित विभाग के अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देश दिये। बैठक में जिलाधिकारी को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्रमुख सम्पर्क मार्गो के चैड़ीकरण/सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रगति के सम्बंध में अवगत कराया गया कि अब तक (18 जनवरी) 798 बैनामें हो चुके है इसी के साथ चैड़ीकरण की जद में आने वाले भवनों के ध्वस्तीकरण का कार्य दुकानदारों/भवन स्वामियों की सहमति से तीव्र गति से किया जा रहा है जिस पर जिलाधिकारी ने शेष बैनामों को सम्बंधित दुकानदारों/भू-स्वामियों से समन्वय कर शीघ्र कराने तथा ध्वस्तीकरण के कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने दुकानदारों की समस्याओं व शंकाओं का त्वरित समाधान भी सुनिश्चित करते रहने हेतु सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जिलाधिकारी नवम्बर तक कार्य पूर्ण करने हेतु लोक निर्माण विभाग को कब-कब कितने-कितने समय में क्या-क्या करेंगे का टाइम लाइन बनाकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने रामपथ की डिजाइन में समस्त विश्व स्तरीय सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। भक्तिपथ के चैड़ीकरण की जद में आने वाले समस्त दुकानों/भवनों के ध्वस्तीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, रेडीमिक्स कंक्रीट प्लाट व मशीनरी मोबलाईजेशन कराकर, सीवर लाइन का कार्य प्रारम्भ करा दिया गया है। इसी के साथ ही जन्मभूमि पथ में जिलाधिकारी ने पर्याप्त मानव संसाधन लगाकर ड्रेन/यूटीलिटी डाक्ट का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कुण्डों के सौन्दर्यीकरण के शेष कार्यो को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने राजर्षि दशरथ राजकीय मेडिकल कालेज दर्शननगर तथा शासकीय डिग्री महाविद्यालय परसांवा अयोध्या के शेष कार्यो को शीघ्र करने के निर्देश दिये। बैठक में अवगत कराया गया कि राजकीय इंटर कालेज मिल्कीपुर के समस्त निर्माण कार्यो को 31 मार्च तक पूर्ण कर लिया जायेगा तथा अगले सत्र से प्रवेश/शिक्षण कार्य प्रारम्भ होगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने अन्तर्राष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय में डिजिटल आर्ट गैलरी चारों स्क्रीनों में चलने वाले कण्टेण्ट को और बेहतर करने हेतु राजकीय निर्माण निगम उ0प्र0 को निर्देशित किया। अधिशाषी अभियन्ता सरयू नहर खण्ड ने बताया कि गुप्तारघाट से जमथरा घाट (1.50 किमी0) तक तटबंध के निर्माण एवं पूर्व में हरिश्चन्द्र उदया तटबंध के किमी0 0.00 से किमी0 3.90 तक रेस्टोरेशन कार्य की परियोजना का 92 प्रतिशत कार्य पूर्ण है। जिलाधिकारी ने शेष कार्य को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सुनवा का 98 प्रतिशत कार्य पूर्ण है। जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सुनवा के शेष समस्त निर्माण कार्यो को पूर्ण कर थर्ड पार्टी चेकिंग कराकर हैंडओवर कराने के निर्देश दिये। आई0टी0आई0 मिल्कीपुर का 88 प्रतिशत कार्य पूर्ण, आई0टी0आई0 सोहावल का 98 प्रतिशत कार्य पूर्ण है, शेष कार्यो में तेजी लाने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने हेतु जिलाधिकारी ने निर्देशित किया। कलेक्ट्रेट के निकट स्मार्ट पार्किंग का निर्माण के प्रगति की जानकारी देते हुये कार्यदायी संस्था कॉन्स्ट्रक्शन एण्ड डिजाइन सर्विसेज (यूनिट 44) के प्रोजेक्ट मैनेजर ने अवगत कराया कि पार्किंग सुविधा विकास कार्य के तहत कलेक्ट्रेट के पीछे बनाये जा रहे स्मार्ट पार्किंग (ग्राउण्ड प्लस 4) में 282 नग चार पहिया वाहन, 309 नग दो पहिया वाहन, 15 नग दुकानें, एक नग कैंटीन तथा अवस्थापना सम्बंधी अन्य कार्यो को तीव्र गति से कराया जा रहा है। इसमें लोअर, अपर ग्राउण्ड, प्रथम तल एवं द्वितीय तल की छत ढलाई का कार्य पूर्ण, चिनाई कार्य प्रगति पर है तथा तीसरे तल पर कालम ढलाई का कार्य प्रगति पर है इस प्रकार कुल 48 प्रतिशत कार्य पूर्ण है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित विभिन्न निर्माण परियोजनाओं से सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से सम्बंधित निर्माण कार्यो को स्वयं भी नियमित निरीक्षण करने व आगणन की विशिष्टताओं के अनुरूप गुणवत्ता सुनिनिश्चित करते हुये समयबद्व रूप से कार्यो को पूर्ण कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक (डी0आर0डी0ए0), एस0डी0एम0 सदर, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, ए0डी0एम0 वित्त एवं राजस्व सहित सम्बंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।