गुरुद्वारा नजर बाग में श्रद्धा और उल्लास से मना 20वां गुरुमत समागम : बंदी छोड़ दिवस पर सजा विशेष कीर्तन दरबार, संतों ने संगत को दिया सेवा और सत्संग का संदेश; गुरु हरगोविंद साहिब के ऐतिहासिक
admin
Tue, Nov 10, 2026
गुरुद्वारा नजर बाग में श्रद्धा और उल्लास से मना 20वां गुरुमत समागम, हजारों ने छका लंगर
बंदी छोड़ दिवस पर सजा विशेष कीर्तन दरबार, संतों ने संगत को दिया सेवा और सत्संग का संदेश; गुरु हरगोविंद साहिब के ऐतिहासिक बलिदान और त्याग को किया याद
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या स्थित गुरुद्वारा नजर बाग में दीपावली के पावन अवसर पर बंदी छोड़ दिवस एवं 20वां गुरुमत समागम श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारे में विशेष कीर्तन दरबार सजा। शबद-कीर्तन, कथा और अरदास के माध्यम से सिखों के छठे गुरु श्री गुरु हरगोविंद साहिब के त्याग, साहस और मानवता के संदेश को याद किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर लंगर प्रसाद ग्रहण किया।
गुरुद्वारा नजर बाग के जत्थेदार बाबा महेंद्र सिंह ने बंदी छोड़ दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्ष 1619 में गुरु हरगोविंद साहिब ने ग्वालियर के किले से 52 राजाओं को मुक्त कराया था। इसके बाद अमृतसर पहुंचने पर दीप जलाकर उनका भव्य स्वागत किया गया। इसी ऐतिहासिक प्रसंग की स्मृति में दीपावली के अवसर पर बंदी छोड़ दिवस मनाने की परंपरा चली आ रही है। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा नजर बाग में वर्ष 2006 से लगातार इस आयोजन की परंपरा निभाई जा रही है। इस वर्ष इसका 20वां आयोजन हुआ।
समागम में करनाल, हरियाणा से पहुंचे संतों ने सत्संग और सेवा की महिमा का वर्णन किया। संतों ने कहा कि दीपावली पर केवल बाहरी प्रकाश ही नहीं, बल्कि अंतःकरण में भी ज्ञान, प्रेम और सद्भाव का प्रकाश होना आवश्यक है। संगत की सेवा करना ही ईश्वर की सेवा करने के समान है। सेवा और समर्पण से ही मनुष्य को सच्चे आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति होती है।
इस दौरान संत बाबा त्रिलोचन सिंह, बाबा भोला जी, गेजा जी, स्वर्ण सिंह, करमजीत जी, सतनाम जी, लखनऊ से पहुंचे भाई सतबीर सिंह और नौतनवा से आए परमजीत जी ने कथा-कीर्तन के माध्यम से संगत को गुरु की शिक्षाओं से अवगत कराया। उन्होंने मानवता, आपसी भाईचारे, सेवा और सद्भाव को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में अयोध्या, फैजाबाद और भिटरिया की संगत का विशेष सहयोग रहा। विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, श्रृंगी ऋषि पीठाधीश्वर महंत हेमंत दास, पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय, समाजसेवी अवधेश वर्मा, पार्षद प्रियेश दास, सिंधी समाज के प्रमुख पदाधिकारी, भक्त प्रहलाद सेवा समिति के सदस्य, अमृत राजपाल, राजू, कन्हैया, पवन जीवानी और समाजसेवी धर्मवीर सिंह बग्गा सहित बड़ी संख्या में संत-महंत, गणमान्य नागरिक और सिख समाज के लोग मौजूद रहे।
गुरुद्वारे के सेवादार नवनीत सिंह ने सभी अतिथियों और संगत का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सेवादारों, प्रशासनिक व्यवस्थापकों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार जताया। अंत में सामूहिक अरदास के बाद श्रद्धालुओं के बीच लंगर प्रसाद वितरित किया गया। हजारों लोगों ने पंगत में बैठकर गुरु का लंगर छका। पूरे आयोजन में सेवा, समर्पण और भाईचारे की भावना प्रमुख रूप से दिखाई दी।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन