: भाजपा जनता ही नहीं भगवान राम को भी दिया धोखा : शिवपाल यादव
Wed, Mar 22, 2023
कहा-भाजपा सरकार केवल कुछ बड़े पूंजीपतियों के लिए कर रही कार्य
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला किया गया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा ने केवल जनता को ही नहीं भगवान राम तक को धोखा दिया है। भाजपा की केन्द्र और प्रदेश सरकार ने अपने एक भी वायदे नहीं पूरे किए। उन्होंने कहा कि राजनीति में गठबंधन के विकल्प हमेशा खुले रहते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत दो उप मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी 2024 में पहले प्रदेश से फिर देश से भाजपा का सफाया करेगी।
बुधवार को यहां पूर्व विधायक जयशंकर पांडेय की धर्मपत्नी के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे शिवपाल यादव ने यह बातें पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि न भाजपा कालाधन वापस लाई न ही व्यापारी वर्ग के दोहरे टैक्स माफ किए। रोजगार देने के नाम पर केवल छलावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल कुछ बड़े पूंजीपतियों के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हम रामचरित मानस ही नहीं हर धर्म के ग्रथों का आदर व सम्मान करते हैं। राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस व बसपा से गठबंधन होगा या नहीं यह राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा, लेकिन राजनीति में विकल्प हमेशा खुले रहते हैं। उन्होंने कहा कि आज योगी सरकार जिन कार्यों का ढिंढोरा पीट रही है वह सपा सरकार में ही शुरू हुए हैं। उन्होंने प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम पर भी निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम केशव मौर्या को बड़बोला बताया और कहा कि उनसे पीडब्ल्यूडी विभाग तो चला नहीं उसमें घोर भ्रष्टाचार हुआ है। अब उन्हें छोटा विभाग दे दिया गया है वह भी नहीं संभाल पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दूसरे डिप्टी सीएम है बृजेश पाठक, वे केवल छापा मारते हैं, पूरा स्वास्थ्य विभाग वेंटीलेटर पर है। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने कोआपरेटिव की दुर्दशा कर दी है। सपा की सरकार में कभी खाद की कमी नहीं पड़ी, कभी किसानों के लिए पानी की कमी नहीं पड़ी, कभी बिजली के छापे किसानों पर नहीं पड़े और सिंचाई के लिए किसानों के लिए फ्री पानी तक दिया गया। इससे पूर्व उन्होंने पूर्व विधायक की धर्मपत्नी के चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। इस मौके पर आये अतिथियों का स्वागत युवा सपा नेता आशीष पाण्डेय दीपू ने किया।
: महोत्सव जीवन में भक्ति मार्ग को बढ़ाता है: रामानन्दाचार्य
Wed, Mar 22, 2023
श्रीरामहर्षण मैथिल सख्यपीठ धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट चारूशिला मंदिर में श्री रामजन्म महा महोत्सव का हुआ भव्य शुभारंभ
अयोध्या। श्रीरामहर्षण मैथिल सख्यपीठ धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट चारूशिला मंदिर में श्री रामजन्म महा महोत्सव का भव्य आयोजन की शुरुआत आज समारोह पूर्वक हुई। महोत्सव में प्रातः नवाह पारायण पाठ तो शाम रामकथा की रसधार बह रही है। रामकथा में प्रथम दिवस जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी वल्लभाचार्य जी महाराज ने कहा कि महोत्सव जीवन में भक्ति मार्ग को बढ़ाता है इसीलिए सनातन परंपरा में निरंतर उत्सव की परंपरा बनाई गई है जिससे लोगों के जीवन में उल्लास बना रहे और मनुष्य ठाकुर जी के चरणों में अपने जीवन को समर्पित रखें। कार्यक्रम में प्रातः गुरुदेव का पादुका पूजन सत्संग, तो वही देर शाम रामजन्म की बधाई महोत्सव होता है। कथा से पूर्व यजमान राजेश त्रिपाठी व आशा त्रिपाठी ने व्यासपीठ का पूजन किया।
: ट्रस्ट अध्यक्ष ने देखी राम मन्दिर निर्माण प्रगति
Wed, Mar 22, 2023
जो स्वप्न पूर्वजों ने देखा था वह साकार रूप ले रहा : नृत्यगोपाल दास
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने विक्रम संवत और वर्ष प्रतिपदा के शुभ अवसर पर बुधवार को राम जन्मभूमि पर चल रहे कार्यों की प्रगति देखी। महंत ने कहा की श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण अपनी गति में है। जो स्वप्न हमारे पूर्वजों ने देखा था वह साकार रूप ले रहा है। 2023 में गर्भगृह बन जाएगा और भगवान श्रीराम लला अपने आसन पर विराजमान होंगे। यह सौभाग्य होगा कि लाखों भक्त एक साथ श्रीराम जन्म भूमि का दर्शन प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा जिस कार्य पर स्वयं देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के साथ ही मुख्यमंत्री की लगातार नजर हो उसमें किसी प्रकार का विलंब नही होगा। उन्होंने कहा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और निर्माण समिति की लगातार बैठक होने से मंदिर निर्माण में गति लगातार जारी है। छोटे छोटे बिंदुओं पर मंथन होता है। ज्ञातव्य हो नृत्य गोपाल दास 6 माह पूर्व मंदिर निर्माण को देखने गये थे। अस्थायी मंदिर में पूजन और दोपहर आरती में भी शामिल हुये। इस दौरान श्रीराम जन्म तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ट्रस्टी अनिल मिश्र, गोपाल जी, शरद शर्मा आदि उपस्थित रहे।