: सांसद खेल महोत्सव के फाइनल में 25 से 29 मार्च तक होगी प्रतियोगिताएं
Sat, Mar 18, 2023
प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही करेंगे उद्घाटन, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मार्य करेंगे समापन
अयोध्या। नौजवानों का रुझान खेल की तरफ बढ़े इसके लिए 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने लगातार खेलों को बढ़ावा दिया है। खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों के प्रोत्साहन हेतु कई आयोजन किए जा रहे है। उक्त बातें सांसद लल्लू सिंह ने सिविल लाइन स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने आगे कहा कि खेलो इंडिया के माध्यम से ग्रामीण स्तर, ब्लॉक, स्कूल से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक खेल का आयोजन किया जा रहा है। इसी को लेकर प्रधानमंत्री के आदेश पर सभी सांसद अपने अपने क्षेत्रों में खेल महोत्सव का आयोजन कर रहे हैं। लोकसभा क्षेत्र अयोध्या में 11 जनवरी से लेकर 18 फरवरी तक सभी ब्लॉकों में विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया था। इसमें विभिन्न ब्लॉकों तथा नगर क्षेत्र में लगभग 10000 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इसमें प्रतिभाग करने वाली विजेता एवं उपविजेता टीम में सांसद खेल महोत्सव के फाइनल में 25 मार्च से 29 मार्च तक डॉ भीमराव अंबेडकर राज्य विद्यालय खेड़ा संस्थान मकबरा स्टेडियम में खेलेंगी। कार्यक्रम का उद्घाटन 25 मार्च को प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही करेंगे व समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की उपस्थिति रहेगी। इस दौरान राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का सम्मान भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर व ब्लाक क्षेत्र के 1600 खिलाड़ियों के प्रतिभाग करने की संभावना है इसके साथ ही बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रतियोगिता भी आयोजित की गई हैं। सांसद खेल महोत्सव के फाइनल में एथलेटिक्स, रिले दौड़ ,गोला फेक, भाला फेंक, लंबी कूद, त्रि कूद, कबड्डी, वालीबाल, खो-खो क्रिकेट, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, ताइक्वांडो हैंडबॉल व फुटबॉल की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगे। कार्यक्रम को सुचारू रूप से चलाने के लिए आयोजन समिति का गठन किया गया है। जिसके अध्यक्ष बांके बिहारी मणि त्रिपाठी सचिव अनूप दुबे व संजय शर्मा है।
: शासन ही नही पुलिस की भी प्राथमिकता में है अयोध्या : पीयूष मोर्डिया
Sat, Mar 18, 2023
कहा-अयोध्या में जल्द होगी एसपी ट्रैफिक और प्रोटोकॉल की तैनाती
अयोध्या। शनिवार को अयोध्या पहुंचे अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन पीयूष मोर्डिया ने कहा कि अयोध्या शासन ही नहीं पुलिस की भी प्राथमिकता में है। हमारी प्राथमिकता केवल राम मंदिर और आसपास तथा रामनगरी ही नहीं बल्कि पूरा जनपद है। वैश्विक पटल पर चर्चित इस नगरी और जिले की हर छोटी बड़ी घटना की चर्चा दूर तक होती है। इसलिए छोटी बड़ी सभी घटनाओं व व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस संवेदनशील और सतर्क रहे, इसीलिए शासन की ओर से जिले में उत्कृष्ट व कुशल अधिकारियों की तैनाती की गई है। आईजी प्रवीण कुमार और डीआईजी/एसएसपी मुनिराज जी का लंबा अनुभव और कार्य कुशलता है। उन्होंने बताया कि व्यवस्था के मद्देनजर जिले में एसपी ट्रैफिक और एसपी प्रोटोकॉल की तैनाती की प्रक्रिया चल रही है।
मुख्यमंत्री के आगमन और आगामी चैत्र रामनवमी मेला तथा अन्य पर्व की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे एडीजी जोन शनिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि पुलिस की पहली प्राथमिकता अपनी फरियाद लेकर आने वाले हर फरियादी को संबल प्रदान करना तथा उसकी समस्याओं का निष्पक्षता व पारदर्शिता के साथ निवारण करना है। रामनवमी मेले को लेकर अयोध्या में चल रहे निर्माण और विकास कार्य के मद्देनजर अतिरिक्त एहतियाती इंतजाम किए जा रहे हैं। खोदे हुए सड़कों पर सघन बैरिकेटिंग कराई जाएगी। मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए शासन स्तर पर भी अतिरिक्त फोर्स का आवंटन किया जा रहा है। एडीजी जोन ने बताया कि उनका सौभाग्य है कि आईपीएस से प्रोन्नत मिलने के बाद डीआईजी के रूप में, 5 अगस्त को पीएम के मंदिर शिलान्यास के दौरान सेवा कर अवसर मिला। बीएसएफ से वापस आने के बाद एक बार फिर इस क्षेत्र में सेवा कर अवसर मिला है। इस दौरान आईजी प्रवीण कुमार, एसएसपी मुनिराज जी मौजूद रहे।
: अशर्फी भवन में कृतु स्तंभ व श्री राम लला भवन का हुआ भव्य लोकार्पण
Sat, Mar 18, 2023
नवदिवसीय राम प्रतिष्ठा यज्ञ की हुई पूर्णाहुति, संतों का हुआ अभिनन्दन
अयोध्या। प्रसिद्ध पीठ अशर्फी भवन के श्री राम लला भवन के लोकार्पण कार्यक्रम मे भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा दक्षिण से पधारे हुए 51 आचार्यों द्वारा वैदिक विधान से संपन्न हुई।कल्याण उत्सव के उपलक्ष में अयोध्या के प्रतिष्ठित संतों ने श्रीराम कृतु स्तंभ का दर्शन किया संत सम्मेलन मे महंत जन्मेजय शरण,
महंत अवधेश दास बड़ा भक्तमाल,
जगद्गुरू स्वामी अनन्ताचार्य जी उत्तर तोत्रादि मठ, महंत करूणानिधान शरण, स्वामी बालकृष्णाचार्य,
डा.मन्दाकिनी रामकिंकर,
डा.सुनीता शास्त्री, राजस्थान के सिंहद्वार अलवर से स्वामी सुदर्शनाचार्य, सुग्रीव किला स्वामी पद्मनाभ आचार्य सभी संतो ने अपने मंगला शासन में कहा श्री अवधपुरी भगवान के द्वारा स्वयं निर्मित है यहां सभी देवता विराजमान है। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम की जन्मस्थली मे दक्षिण से पधारे विधायक जनार्दन रेड्डी एवं उनके साथ पधारे सभी लोग परम सौभाग्यशाली हैं। जिन्होंने श्रीराम कृतु स्तंभ स्थापना के पुनीत कार्य का यजमानत्व पूज्य श्री श्री श्री रामचंद्र जी यर स्वामी जी महाराज एवं पूज्य श्री जगतगुरु श्री धराचार्य जी महाराज के सानिध्य मे किया है। जन्म जन्मांतर के पुण्य जब उदित होते हैं तब हम जीव भगवत कैकर्य को गुरु सन्निधि में कर पाते हैं। जनार्दन रेड्डी जी ने सभी संतों को उत्तरीय एवं पुष्प माला से सम्मानित किया। नवदिवसीय राम प्रतिष्ठा यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ में मध्यान्ह काल में भगवान श्रीराम का पट्टाभिषेक आगम विधि से अभिषेक किया गया।