: श्यामा सदन मंदिर में कृष्ण जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया
Thu, Dec 29, 2022
जिनके कर्म श्रेष्ट होते है वो संसार को सुंदर बनाते है: महंत श्रीधर दास
अयोध्या। प्रसिद्ध पीठ श्यामा सदन मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का उल्लास अपने चरम पर है। व्यासपीठ से कथा की अमृत वर्षा प्रख्यात कथावाचक श्यामा सदन पीठाधीश्वर महंत श्रीधर दास महाराज कर रहे है। कथा के चतुर्थ दिवस महाराज श्री ने प्रभु के वामन अवतार के वृतांत का विस्तार पूर्वक वर्णन भक्तों को करवाया एवं कृष्ण जन्मोत्सव को बड़ी धूमधाम से मनाया। कथा के चतुर्थ दिवस की शुरुआत भागवत आरती के साथ की गई।व्यासजी ने कहा कि जिनके कर्म श्रेष्ट होते है वो संसार को सुंदर बनाते है। महंत श्रीधर दास ने बताया कि वामन अवतार भगवान विष्णु के दशावतारो में पांचवा अवतार और मानव रूप में अवतार था। जिसमें भगवान विष्णु ने एक वामन के रूप में इंद्र की रक्षा के लिए धरती पर अवतार लिया। महंत श्रीधर दास ने वामन अवतार की कथा सुनाते हुए कहा कि जब मानव दान में पूर्णता आ जाती है, तब भगवान स्वयं याचक बन कर आ जाते हैं और चरण कमल से कल्याण करते हैं। द्वारपाल बन कर उसकी रछा करते हैंं। कथा में भक्त पहले दिन से ही आनंद में डूबकर भजनो में झूमते एवं नाचते नजर आ रहे हैं।जैसे ही कथा के दौरान भगवान कृष्ण का जन्म हुआ पूरा मंदिर जयकारों से गूंज गया। महंत श्रीधर दास जी महाराज ने कहा कि प्रभू के आते ही माया मोह के बन्धन टूट जाते हैं और संसार रूपी कारागार से मुक्त हो जाता है। भक्ती रूप जमना में आकंठ निमग्न हो जाता है। कथा के दौरान कृष्ण जन्म उत्सव और भजनों पर श्रद्धालु जमकर नाचे। भगवान को माखन मिश्री का भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया। एक दूसरे को कृष्ण जन्म की बधाईयां दीं।कथा से पूर्व व्यासपीठ का पूजन यजमान महेश प्रसाद गुप्ता, आशा गुप्ता समस्त पावटा परिवार ने किया। इस मौके पर श्यामा सदन के संत साधक व शिष्य परिकर मौजूद रहें।
: धर्म को अलग करने के बजाए प्रत्येक कर्म को धर्म में करना सीखें :महंत श्रीधर दास
Tue, Dec 27, 2022
अयोध्या। रामघाट स्थित प्रसिद्ध पीठ श्यामा सदन मंदिर में चल रहे श्रीमद् भागवत कथा के तृतीय दिवस पर कथाव्यास श्यामा सदन पीठाधीश्वर महंत बालयोगी श्रीधर दास महाराज ने कहा कि धर्म को अलग करने के बजाए प्रत्येक कर्म को धर्म में करना सीखें।
आज हमारी प्रार्थना भी मात्र क्रिया बनकर रह गई है जबकि प्रत्येक क्रिया ही प्रार्थना बन जाए ऐसा कार्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा व्यवहार आचरण विचार सब इतना लयबद्ध और ज्ञान मय हो कि यह सब अनुष्ठान जैसा लगने लगे। व्यासजी ने कहा कि धर्म के लिए अलग से कर्म करने की आवश्यकता नहीं अपितु जो कर्म हम कर रहे हैं उसको ऐसे पवित्र भाव से करें कि वही धर्म बन जाए। उन्होंने कहा कि समस्त समस्याओं का समाधान करने के लिए मौन ही सबसे बड़ा अस्त्र है इस अस्त्र से संसार के समस्त विवादों का समाधान हो सकता है।जो मनुष्य बाहरी बातों पर ध्यान देता है उसके घर में कलेश होता है तात्कालिक आवेश में लिया गया निर्णय हमेशा पश्चाताप का कारण बनता है जो सरलता असत्य और अन्याय का विरोध न कर सके वह समाज और स्वयं दोनों के लिए घातक है। कथा को समझाते हुए महंत श्रीधर दास ने कहा कि झूठ और अन्याय को सह लेना ही अगर सरलता होती तो भगवान श्री राम बाली के अन्याय और रावण के अत्याचार को सहते इन सब को दंडित करने के बाद भी भगवान श्री राम को मर्यादा पुरुषोत्तम , सरल एवं संकोची कहा गया है। कथा से पूर्व व्यासपीठ का पूजन यजमान महेश प्रसाद गुप्ता, आशा गुप्ता समस्त पावटा परिवार ने किया। इस मौके पर श्यामा सदन के संत साधक व शिष्य परिकर मौजूद रहें।
: कड़ाके की ठंड में बिना स्वेटर विद्यालय जा रहे बच्चे
Tue, Dec 27, 2022
मिल्कीपुर शिक्षा क्षेत्र के 4253 छात्र अभी भी ड्रेस से वंचित
मिल्कीपुर-अयोध्या। मिल्कीपुर शिक्षा क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों पर उनके अभिभावकों की लापरवाही भारी पड़ रहा है। सरकार की तरफ से अनुदान राशि मिलने के बावजूद अभिभावक स्वेटर नहीं खरीद रहे हैं। ऐसे में कड़ाके की ठंड में नौनिहालों को बगैर स्वेटर स्कूल जाना पड़ रहा है। स्कूलों में ड्रेस व स्वेटर खरीद को लेकर पड़ताल की तो बेहद चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई। अधिकतर बच्चे बिना स्वेटर के स्कूल जाते मिले। शिक्षा क्षेत्र के 145 परिषदीय विद्यालयों में 26971 हजार नौनिहाल छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इन बच्चों को सरकार की तरफ से निशुल्क पाठ्य पुस्तक के अलावा ड्रेस, जूता, मोजा व स्वेटर के लिए अनुदान राशि उपलब्ध कराई जाती है। पर अनुदान राशि डीबीटी के माध्यम से उनके अभिभावकों के खाते में भेजी जाती है सरकार की तरफ से अब तक 16718 हजार छात्र छात्राओं के अभिभावकों के खाते में डीबीटी के जरिए 2 करोड़ 61 हजार 600 रूपए भेजे जा चुके हैं। अनुदान की धनराशि मिलने के बावजूद अधिकतर बच्चों के पास ना तो स्कूल एड्रेस है और न ही स्वेटर।
बिना स्वेटर के इस कड़ाके की ठंड में बच्चों को ठिठुरते हुए विद्यालय जाना पड़ रहा है। हालांकि बेसिक शिक्षा विभाग ड्रेस और स्वेटर की खरीद के लिए अभिभावकों को जागरूक करने में लगा है विभाग का पूरा जोर अभी ड्रेस के साथ स्वेटर खरीद पर है जिससे बच्चों को ठंड से बचाया जा सके। खंड शिक्षा अधिकारी मिल्कीपुर रिचा सिंह ने बताया कि शिक्षा क्षेत्र के 1623 छात्रों का आधार कार्ड अभी नहीं बना है उनका आधार कार्ड विद्यालय में कैंप लगाकर बनवाया जा रहा है। शिक्षा क्षेत्र के 4253 छात्र छात्राओं के आधार कार्ड में त्रुटियां होने के चलते अभिभावकों के खाते में ड्रेस के लिए पैसे नहीं गए हैं जिस को ठीक कराया जा रहा है जल्द ही पैसा पहुंच जाएगा।