: वास्तविक जीवन को भूल आकर्षक जीवन की ओर भाग रहे हैं युवा: हरिओम तिवारी
Fri, Apr 8, 2022
जानकी महल ट्रस्ट में चल रही पंच दिवसीय रामकथा में उमड़ रहे कथा प्रेमी
अयोध्या। आज का युवा धरातल पर रहकर वास्तविक जीवन जीने की अपेक्षा बनावटी व आकर्षक जीवन जीने की ओर आँख मूँदे भागा चला जा रहा है। स्वयं को श्रेष्ठ दिखाने की आपाधापी में लोग मानव मूल्यों को भूल चुके हैं। जबकि आज के युवा वर्ग के लिये सबसे ज्यादा जरूरी है जीवन की वास्तविकता को पहचान कर जन- कल्याण की नियति से जीवन यापन करना। यह बातें प्रसिद्ध समाजसेवी हरिओम तिवारी ने अयोध्या के जानकी महल ट्रस्ट में चल रही पाँच दिवसीय रामकथा के क्रम में तीसरे दिन कथा सुनने आये भक्तगणों से कही। कथा व्यास के रूप में बोलते हुये हरिओम ने कहा कि जिस प्रकार किसी पेड़ पर फ़लों से कई गुना संख्या में पत्तियाँ रहती है, परंतु पेड़ की वास्तविक पहचान उसके फलों से होती है। उसी प्रकार मानव का जीवन भी है। अर्थात मानव कर्म प्रधान है, समाज में किसी भी व्यक्ति की पहचान उसके द्वारा किये गये कार्यों से होती है। उन्होंने कहा कि यह हमारे कर्म ही होते हैं जो हमें औरों से बेहतर व अलग बनाते है। अन्यथा एक ही नाम के तो न जाने कितने लोग इस धरा पर निवास करते हैं। समाजसेवी ने आये लोगों से आवाह्न किया कि हम लोग सैदव सबसे मीठी वाणी में बोलने की कोशिश करे जिससे हमारी बातों से किसी के भी हृदय को चोट न पहुँचे। ज्ञात हो कि कथा व्यास हरिओम तिवारी उद्दोगपति होने के साथ ही समाजसेवा में भी अग्रणी भूमिका में रहते हैं। उन्होंने राघवचरणानुरागी सेवा दल नामक समूह की स्थापना कर लोगों के जरूरत में सहायता हेतु सदैव उपस्थित रहने का सुलभ रास्ता बनाया है। इस अवसर पर शिवओम तिवारी, संदीप तिवारी,प्रदीप दुबे, प्रदीप पाण्डेय, नरेश पोतदार, आदित्य सुल्तानिया, सहित सैकङो भक्तगण उपस्थित रहे।
: एमएलसी चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल, पुलिस पर प्रधानों को उठाने का आरोप
Fri, Apr 8, 2022
एमएलसी चुनाव को प्रभावित करने के लिए भाजपा सरकारी मशीनरी का पूरा इस्तेमाल कर रही: आनंद सेन
अयोध्या। फैजाबाद-अंबेडकरनगर एमएलसी चुनाव में निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस पर शनिवार को मतदान से पहले जिले के दो ब्लाकों के प्रधानों को उठाने का गंभीर आरोप लगा है। हालांकि इस मामले में पुलिस की ओर से कोई जवाब नहीं आया है।
पूर्व मंत्री आनंदसेन यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया है कि एमएलसी चुनाव को प्रभावित करने के लिए भाजपा सरकारी मशीनरी का पूरा इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया है कि रूदौली ब्लाक के प्रधान संघ अध्यक्ष गनौली प्रधान बलभद्र और मवई ब्लाक के अइथर प्रधान बबलू यादव को इलाकाई पुलिस अकारण उठा ले गई है। पूर्व विधायक ने कहा कि दोनों प्रधानों के परिवारों ने उन्हें इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया लेकिन कोई सकारात्मक कार्रवाई सामने नहीं आई है। पूर्व विधायक ने कहा कि यह दो प्रधान तो उदाहरण मात्र हैं, जिले भर में सपा समर्थित मतदाताओं को डराने धमकाने का दौर चल रहा है। श्री सेन ने कहा कि एमएलसी चुनाव में पराजय के भय से भाजपा सरकार खुलकर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। जिसके चलते मतदान की निष्पक्षता पर प्रश्न खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है और इसी खौफ से फैजाबाद अम्बेडकरनगर दोनों जिलों में सपा समर्थित मतदाताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है।
: जीवन के उत्थान हेतु जरूरी है विचारों का शुद्ध होना: हरिओम तिवारी
Thu, Apr 7, 2022
श्री जानकी महल ट्रस्ट में राघवचरणानुरागी हरिओम तिवारी के श्रीमुख से बह रही श्रीराम कथा की रसधार,राम नाम की रसधार पर झूम उठे भक्तगण
अयोध्या। तीर्थ नगरी अयोध्या के जानकी महल स्थित चल रही पंच दिवसीय कथा में आये हुये श्रद्धालु राम-नाम की महिमा सुनकर बरबस ही झूम उठे। कथा व्यास जिले के प्रसिद्ध समाजसेवी हरिओम तिवारी ने कहा कि, यदि हम अपने जीवन में हर प्रकार से उत्थान चाहते हैं। तो उसके लिये सबसे ज्यादा जरूरी है हमारे विचारों का शुद्ध होना। उन्होंने ने कहा कि हमारा मन, नश्वर शरीर का घर होता है, औऱ ये बात किसी से भी छुपी नहीं है कि जहाँ शुद्धता होती हैं वहाँ देवताओं का स्वयं निवास होता है। तथा हर वो स्थान पवित्र होता है जहाँ राम-नाम का गुणगान होता है। उनके अनुसार जिस प्रकार भौतिक शरीर को स्वस्थ रखने के लिये अच्छे खान- पान की जरूरत होती है, ठीक उसी प्रकार आत्मा को शुद्ध रखने के लिये जरूरी होता है, अच्छे लोगों का सानिध्य प्राप्त करना, जिससे स्वतः ही हमारे अंदर लोगों के कल्याण हेतु अच्छे भाव उत्पन्न हो सकें। समाजसेवी ने लोगों से सनातन धर्म का ज्यादा से ज्यादा प्रचार व प्रसार करने की अपील की।
इस अवसर पर शिवओम तिवारी, संदीप तिवारी,प्रदीप दुबे, प्रदीप पाण्डेय, नरेश पोतदार, आदित्य सुल्तानिया, सहित सैकङो भक्तगण उपस्थित रहे