हनुमान बाग में धूमधाम से मना अन्नकूट महोत्सव, छप्पन भोग से सजे भगवान : हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद, सुबह से देर शाम तक चला विशाल भंडारा
admin
Wed, Nov 11, 2026
हनुमान बाग में धूमधाम से मना अन्नकूट महोत्सव, छप्पन भोग से सजे भगवान के दरबार
हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद, सुबह से देर शाम तक चला विशाल भंडारा
अयोध्या। रामनगरी के हनुमान बाग मंदिर में शुक्रवार को अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान को छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। कचौड़ी, मालपुआ, चूरमा, कढ़ी, दाल, खीर सहित विविध पकवानों से भगवान का भोग सजाया गया। दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया।
मान्यता के अनुसार, 14 वर्ष के वनवास और लंका विजय के बाद भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की खुशी में दीपावली के अगले दिन अन्नकूट महोत्सव मनाने की परंपरा है। वनवास के दौरान राजसी सुख-सुविधाओं से दूर रहे प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन पर उन्हें विविध पकवानों का भोग अर्पित कर राजसी वैभव और सम्मान प्रदान करने की परंपरा इसी भाव से जुड़ी है। इसी क्रम में रामनगरी के मठ-मंदिरों में अन्नकूट उत्सव की धूम रही।
हनुमान बाग में पीठाधीश्वर महंत जगदीश दास महाराज की अध्यक्षता में आयोजित महोत्सव में बड़ी संख्या में संत-महंत और श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान को छप्पन भोग अर्पित करने के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से देर शाम तक मंदिर परिसर में भंडारा चलता रहा। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण और जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।
महोत्सव की व्यवस्था में मंदिर के अधिकारी सुनील दास, पुजारी योगेंद्र दास, रोहित शास्त्री, नीतेश शास्त्री सहित अन्य लोग जुटे रहे।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन