: हरिओम ने आर्थिक मदद कर निभाई कन्यादान की रस्म
Wed, Feb 16, 2022
बिन पिता के किसी भी बेटी के लिये हमेशा मदद करने का दिया आश्वासन
पूर्व में भी दर्जनों लड़कियों की शादी में कर चुके हैं आर्थिक मदद
सोहावल अयोध्या। ज़िले भर में अपनी समाजसेवा से एक अलग बनाने वाले प्रसिद्ध समाजसेवी व उद्योगपति हरिओम तिवारी ने तीन बेटियों की शादी में मदद कर कन्यादान बखूबी रस्म निभाई है। जिला सुल्तानपुर के बघराजपुर गाँव निवासी संजय मिश्रा,अमानीगंज के खंडासा थाने में पुलिसकर्मियों के लिये खाना बनाने वाले व्यक्ति की पुत्री तथा रुदौली निवासी अजय तिवारी की बहन की शादी की सूचना हरिओम को फ़ोन के माध्यम से प्राप्त हुई थी। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण तीनों व्यक्तियों की यथासम्भव मदद कर समाज के नाम एक अच्छा संदेश देने का काम किया है। वो कहते हैं कि यदि ईश्वर ने हमें इस लायक बनाया है तो मैं किसी जरूरतमंद व्यक्ति की मदद करने में क्यों पीछे हटूं। उन्होंने अन्य सामर्थ्य लोगों से भी जरूरतमंद तथा ग़रीब व्यक्तियों की मदद करने की अपील की है। ज्ञात हो कि खंडासा थाने में काम करने वाले व्यक्ति की मदद करने पर हरिओम की मदद थाना प्रभारी तथा उनका पूरा स्टाफ़ भी कर रहा है। हरिओम ने कहा कि आगे भी जिस किसी भी बेटी के सर से पिता का साया उठ गया है, उसके मदद के लिये विशेष रूप से आगे रहूंगा। ज्ञात हो कि हरिओम इससे पूर्व में भी दर्जनों लड़कियों की शादी में आर्थिक मदद कर चुके हैं।
: तेजी से बढ़ रहा समाजवादी परिवार
Wed, Feb 16, 2022
जिले की समाजसेविका लोकसभा का चुनाव आप से लड़ चुकी मयूरी तिवारी ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ थामा सपा का दामन
कार्यक्रम को सम्बोधित करती मयूरी तिवारी
सपा की ओर समाज का हर वर्ग आशा भरी निगाहों से देख रहा है: अवधेश प्रसाद
अयोध्या। समाजवादी पार्टी का काफिला तेजी से आगे बढ़ता जा रहा है। आज इसी क्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व मिल्कीपुर विधानसभा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद के नेतृत्व में यहां से लोकसभा का चुनाव आम आदमी पार्टी के टिकट पर लड़ चुकी मयूरी तिवारी ने अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इसी क्रम में दर्जन भर से ज्यादा बसपा कार्यकर्ताओं ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व कैबिनेट मंत्री व मिल्कीपुर विधानसभा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद ने बताया कि समाजवादी पार्टी की ओर समाज का हर वर्ग आशा भरी निगाहों से देख रहा है ,ऐसे में समाजवादी पार्टी ने भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की शपथ ली है। उन्होंने बताया कि बड़ी तादाद में लोग समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं विधानसभा चुनाव के बाद जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी का परचम लहराएगा ।पार्टी प्रवक्ता चौधरी बलराम यादव ने बताया कि आज एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में आम आदमी पार्टी से लोकसभा चुनाव लड़ चुकी मयूरी तिवारी ने समाजवादी पार्टी ज्वाइन कर लिया। इसके अलावा तमाम बसपा कार्यकर्ताओं ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की ।उन्होंने बताया कि आज बहुजन समाज पार्टी छोड़कर सपा जॉइन करने वालों में महाराज दीन कोरी, राम लौट, देवकली गौतम, श्रीचंद ,रमेश तिवारी, संतोष उपाध्याय आदि प्रमुख रहे। इस अवसर पर मुख्य रूप से सपा जिला महासचिव बख्तियार खान विधानसभा अध्यक्ष पृथ्वीराज यादव महासचिव यदुनाथ यादव रामजी पाल राम लहू यादव महेश कुमार शर्मा हाफिज फैजान तुलसीराम यादव रहीस खान रामसुंदर सरोज मदन यादव सोहनलाल सिराज अहमद मोहम्मद शमीम अंसार अहमद खान राजकुमार शिल्पकार हरिराम कोरी हरि बक्स सिंह सुभाष यादव दाता दीन यादव सुनील कुमार कोरी आदि लोग मौजूद रहे ।
: करतलिया बाबा को याद करना संतत्व के एक युग का स्मरण है
Tue, Feb 15, 2022
करतलिया बाबा की 36वीं पुण्यतिथि समारोह शुरू, बुधवार को गणेश पूजन के साथ अखंड श्रीराम नाम संकीर्तन होगा
मां सरयू की विराट दिव्य 5100 फूलबत्ती की सुभव्य आरती, फूल बंगले की झाँकी का किया गया आयोजन
करतलिया बाबा का गुरुवार को होगा षोडशोपचार पूजन अभिषेक के साथ होगा श्रद्धांजलि सभा जुटेंगे रामनगरी के संत धर्माचार्य
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या संतो की सराय कही जाती है। अनेक सिद्ध भजनानंदी संत अपने त्याग तपस्या व साधना से अयोध्या ही नही अपितु पूरे देश में रामनाम की अलख जगाई। ऐसे ही एक सिद्ध संत परमपूज्य करतलिया बाबा हुए। मां सरयू के पावन तट पर सुशोभित सिद्ध पीठ श्री करतलिया बाबा आश्रम स्थापित है। पूज्य महाराज जी का 36 वीं पुण्यतिथि समारोह बुधवार को बड़े ही श्रद्धा भाव के साथ शुरु होगा।
करतलिया बाबा को याद करना संतत्व के एक युग का स्मरण है। वे आराध्य में लीनता की मिसाल थे। बुधवार को सरयू के संत तुलसीदासघाट स्थित करतलिया बाबा के आश्रम में उनकी 36वीं पुण्यतिथि मनाई जाएगी और इसी के साथ ही उनकी स्मृति फलक पर होगी।बिहार प्रांत के सहरसा जिले के ग्राम गोसपुर गोडियारी में पैदा हुए बाबा होश संभालते ही रामभक्ति की ओर उन्मुख हुए। उनकी यह वृत्ति गुरु गरभीदास के स्पर्श से और रोशन हुई।
बाल्यावस्था में बाबा ने गृह त्याग कर संतों की जमात के साथ तीर्थाटन शुरू किया। भगवान के सामने करताल बजाते हुए अहर्निश नृत्य के चलते शीघ्र ही वे करतलिया बाबा के नाम से विश्रुत हुए। तीर्थाटन के क्रम में करतलिया बाबा काशी पहुंचे और गंगा तट पर धूनी रमाई। यहां बाबा की ख्याति आम से लेकर विशिष्ट लोगों तक पहुंची। बाबा से प्रभावित होने वालों में धर्म सम्राट की उपाधि से विभूषित करपात्रीजी जैसे संत भी थे। कुछ दशक तक काशी में अखंड नाम जप में लीन रहने के बाद बाबा दैवीप्रेरणा से रामनगरी की ओर उन्मुख हुए और सरयू तट पर धूनी रमाई। यह आजादी के पूर्व का दौर था और बाबा की प्रबल भक्ति एवं त्यागवृत्ति ने तत्कालीन अंग्रेज डिप्टी कलेक्टर को भी प्रभावित किया और उसने खुले आसमान के नीचे तपस्यारत रहने वाले बाबा के लिए एक बड़ी छतरी की व्यवस्था की। यद्यपि बाबा की रुचि आश्रम बनाने में नहीं थी और भजन के अलावा दुनियादारी से उनका सरोकार संतों एवं दीन-हीनों की सेवा तक था। इसके बावजूद भक्तों के अति आग्रह पर बाबा ने आश्रम की स्थापना स्वीकार की और यह आश्रम गहन उपासना एवं सेवा के केंद्र के रूप में स्थापित हुआ। वह सन 1987 की फाल्गुन कृष्ण प्रतिपदा की तिथि थी, जब बाबा ने महाप्रयाण का फैसला सुनाया। शोकाकुल भक्तों के बीच बाबा ने शालिग्राम को सिर से लगाया और तुलसीदल एवं सरयू जल का पान करने के साथ सदा-सर्वदा के लिए अपनी आंखें मूंद लीं। उनकी शिष्य परंपरा को आगे बढ़ा रहे करतलिया आश्रम के वर्तमान महंत रामदास त्यागी के अनुसार बाबा भले ही स्थूलत: हमारे बीच न हों पर उनकी साधना-सिद्धि की तरंगें अभी भी आश्रम में व्याप्त हैं और एक बड़े आध्यात्मिक परिकर को बराबर प्रेरित करती हैं। इस समारोह में आश्रम से जुड़े हुए पूरे भारत से शिष्य-परिकर सन्त धर्माचार्य मंदिर में आ गये है। यह कार्यक्रम मंदिर के श्री मंहत योगीराज विजयराम दास जी महराज के पावन सानिध्य में हो रहा है। कार्यकम के प्रथम दिवस आज मंदिर में अंखड़ पाठ का शुरू हो गया है। वही देर शाम पतित पावनी मां सरयू की 5100 बत्ती की भव्य आरती किया गया। आश्रम के युवा महंत बालयोगी बाबा रामदासजी महाराज कहते हैं कि हमारे गुरुजी महान्त विजयरामदासजी महाराज के सानिध्य में 16 फरवरी से यह समारोह श्रीसीतारामनाम संकीर्तन व कलश स्थापना से शुभारम्भ हो गया, जो अनवरत 24 घण्टे आठो याम तक चलेगा। इसी में आज सायं पतित पावनी माँ सरयू की विराट दिव्य 5100 फूलबत्ती की सुभव्य आरती, झाँकी का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में दिल्ली से महंत रामबहादुर दास महंत कन्हैया दास राधेश्याम यादव वाराणसी सहित पूरे देश से संत साधक मौजूद रहेंगे।