अंतरराष्ट्रीय पुस्तक में दर्ज हुई महंत बाल योगी रामदास की आध्यात्मिक : वेस्टलैंड बुक्स की ‘सीईंग एक्वली’ में विश्व के 13 हिंदू धर्मगुरुओं के साथ मिली जगह, समता और मानवता के विचारों को किया
admin
Mon, Aug 31, 2026
अंतरराष्ट्रीय पुस्तक में दर्ज हुई महंत बाल योगी रामदास की आध्यात्मिक यात्रा
वेस्टलैंड बुक्स की ‘सीईंग एक्वली’ में विश्व के 13 हिंदू धर्मगुरुओं के साथ मिली जगह, समता और मानवता के विचारों को किया गया शामिल
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में मां सरयू के पावन तट पर स्थित श्री करतलिया बाबा आश्रम के महंत बाल योगी रामदास की आध्यात्मिक और सामाजिक यात्रा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित पुस्तक का हिस्सा बन गई है। वेस्टलैंड बुक्स की ओर से प्रकाशित ‘सीईंग एक्वली-एन एंथोलॉजी ऑफ प्रोग्रेसिव हिंदू वाइसेज’ में विश्व के 13 चुनिंदा हिंदू धार्मिक गुरुओं की विचार यात्रा, अनुभव और सामाजिक दृष्टिकोण को स्थान दिया गया है। इनमें अयोध्या के महंत बाल योगी रामदास भी शामिल हैं।
पुस्तक में हिंदू धर्म की प्रगतिशील विचारधारा के साथ समता, करुणा, संवाद, समानता, मानवता और ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ जैसे मूल्यों को प्रमुखता दी गई है। महंत बाल योगी रामदास के जीवन, आध्यात्मिक अनुभव, समाजसेवा और धार्मिक समानता से जुड़े विचारों को पुस्तक में विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।
महंत के जातिवाद के विरोध और सभी मनुष्यों को समान दृष्टि से देखने के विचारों को भी इसमें स्थान मिला है। संत जीवन की चुनौतियों और संघर्षों के बीच उनकी आध्यात्मिक यात्रा को समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में रेखांकित किया गया है।
पुस्तक में शामिल किए गए विभिन्न धर्मगुरुओं के विचारों के माध्यम से धार्मिक परंपराओं और आधुनिक सामाजिक सरोकारों के बीच संवाद स्थापित करने का प्रयास किया गया है। इसी क्रम में महंत बाल योगी रामदास की सोच को मानव कल्याण और सामाजिक समरसता से जोड़कर प्रस्तुत किया गया है।
अयोध्या की संत परंपरा और आध्यात्मिक विरासत के लिए भी इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित इस संकलन में स्थान मिलना महंत बाल योगी रामदास के आध्यात्मिक चिंतन और सामाजिक सरोकारों को व्यापक मंच मिलने के रूप में देखा जा रहा है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन