: कमिश्नर ने एफएसडब्ल्यू वैन को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
Sat, Feb 25, 2023
खाद्य पदार्थों में पाये जाने वाले मिलावट के सम्बन्ध में किया जायेगा जागरूक
अयोध्या। मण्डलायुक्तम गौरव दयाल द्वारा मण्डल में खाद्य कारोबारियों एवं आम-जनमानस को खाद्य एवं पेय पदार्थों की शुद्धता एवं मिलावट की जॉच एवं जागरूकता बढ़ाने के सम्बन्ध में एफएसएसएआई, नई दिल्ली द्वारा उपलब्ध कराये गये नव-मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन (एफएसडब्ल्यू) को आयुक्त आवास परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उक्त वैन मण्डल के समस्त जनपदों में खाद्य पदार्थों में पाये जाने वाले मिलावट के सम्बन्ध में सर्व-जन को जागरूक करने में अत्यंत सहायक होगी। उक्त वैन पर हुए खाद्य जॉच का उपयोग केवल जन-जागरूकता के लिए होगी, किसी प्रकार की कार्यवाई किसी के विरूद्ध नही किये जाने का प्रावधान है। अतः सर्व-सामान्य से अनुरोध है कि बिना किसी संकोच के अपने खाद्य पदार्थों की जॉच उक्त फूड-वैन पर करायें। मौके पर श्री पी.एन.सिंह सहायक आयुक्त (खाद्य), खाद्य सुरक्षा अधिकारी मंडलीय सिराज अहमद आदि उपस्थित थे।
: प्रीतिभोज में शामिल होने जा रहे पति-पत्नी के साथ लूट
Sat, Feb 25, 2023
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मिल्कीपुर-अयोध्या। प्रीतिभोज में अपने पति के साथ शामिल होने जा रही महिला के साथ पल्सर सवार तीन युवकों ने तमंचे के बल पर लूट की, सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की जांच करने के बाद पीड़ित महिला की तहरीर लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना कुमारगंज के कस्बा कुमारगंज निवासी धर्मेंद्र मौर्या पुत्र अमरनाथ मौर्या अपनी पत्नी श्रीमती व 10 साल के बेटे के साथ शुक्रवार की शाम लगभग सात बजे मोटरसाइकिल से सिधौना गांव निवासी राम कुमार मौर्या के बेटे कुलदीप के प्रीत भोज में शामिल होने जा रहे थे।पीछे से पल्सर सवार तीनों युवकों ने सिधौना गांव से लगभग 500मीटर पहले ओवरटेक कर मोटरसाइकिल को रोक लिया और तमंचा लगाकर श्रीमती की सोने की तीन तल्ला की झुमकी, लॉकेट व सीकड़ को लूट कर फरार हो गए । घटना की जानकारी मिलते ही कुमारगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन करने के बाद पीड़ित महिला श्रीमती की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 23/23 धारा 392 के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक शिव बालक का कहना है कि पीड़ित महिला के बताए अनुसार संदिग्ध दो युवकों से पूछताछ की जा रही है, किसी निर्दोष के खिलाफ कार्यवाही नहीं की जाएगी।
: नही रहें निर्वाणी अखाड़ा हनुमानगढ़ी के प्रख्यात मूर्धन्य विद्वान् आचार्य राम देव शास्त्री
Sat, Feb 25, 2023
संकट मोचन सेना अध्यक्ष महंत संजयदास के देखरेख में आचार्य रामदेव जी को दिया गया जल समाधि
निर्वाणी अनी अखाड़ा के श्री महंत मुरली दास, पूर्व प्रधानमंत्री महंत माधव दास,गद्दीनशीन के शिष्य हनुमत संस्कृत स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य महंत डा महेश दास व महंत राजेश पहलवान ने दिया श्रद्धांजलि
अयोध्या। सिद्ध पीठ हनुमानगढ़ी सागरिया पट्टी के मूर्धन्य विद्वान आचार्य रामदेव शास्त्री के निधन पर संतों में शोक की लहर छा गई।
उनके निधन पर दुख प्रकट करते हुए हनुमानगढ़ी के श्री महंत ज्ञानदास जी महाराज के उत्तराधिकारी शिष्य व संकटमचन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत संजयदास ने कहा कि आचार्य रामदेव शास्त्री जी मूर्धन्य विद्वान थे। इन्होंने कई धार्मिक पुस्तकों की रचना की थी। जिसमें अयोध्या के कुंडों पर विशेष शोध किया गया था। आचार्य श्री का सानिध्य हमें हमेशा मिलता रहा है। भगवान श्री सीताराम जी उनको अपने श्रीधाम में स्थान दे।
पूर्व प्रधानमंत्री महंत माधव दास महाराज ने कहा कि शास्त्री जी महाराज की रिक्त स्थान की पूर्ति अब नहीं हो सकती क्योंकि वह साधुता और सेवा की प्रतिमूर्ति थे। आचार्य रामदेव शास्त्री साकेतवासी गद्दीनशीन श्री महंत राम बालक दास जी महाराज के प्रिय शिष्य जगतगुरु रामानंदाचार्य स्वामी स्वामी हर्याचार्य महाराज के शिष्य थे और उच्च कोटि के विद्वान साधक संत थे।
निर्वाणी अनी अखाड़ा के श्री महंत मुरली दास महाराज, गद्दीनशीन के शिष्य हनुमत संस्कृत स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य महंत डा महेश दास व महंत राजेश पहलवान ने दुख प्रकट किया।
आचार्य रामदेव दास जी को जल समाधि उनके शिष्य नागा अभिषेक दास ने दी। उनके बड़े शिष्य सहदेव दास गंगासागर मे थे गुरुदेव भगवान के निधन पर दुखी हैं रविवार तक अयोध्या में पहुंच जाएंगे। उनका अंतिम संस्कार संत परंपरा के अनुसार किया गया इस अवसर पर गद्दी नशीन के शिष्य डां महेश दास, महंत सत्यदेव दास, महंत बलराम दास, महंत अजीत दास, महंत सुरेंद्र दास, पुजारी रमेश दास,रमेश शास्त्री, कौशल दास, पुजारी हेमंत दास, विवेक दास, उपेंद्र दास सहित बड़ी संख्या में नागा साधु मौजूद रहें।