: मंदिर में दावेदारों के बीच चले लाठी डंडे, दो घायल
Tue, Dec 20, 2022
अयोध्या। सड़क चौड़ीकरण के दौरान भवन और मंदिरों के कब्जेदारी को लेकर विवाद भी होने लगे हैं। सोमवार को नयाघाट क्षेत्र स्थित फूलपुर मंदिर में भी दावेदारी को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले जिसमें राजीव केसरवानी को गंभीर चोट आ गयी। वहीं राम नौमी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नया घाट क्षेत्र में फूलपुर अत्यंत प्राचीन मंदिर में पिछले कई वर्षों से सरवराहकार व दावेदारी को लेकर विवाद चल रहा था। इस बीच सड़क चौड़ीकरण में मंदिर का भी कुछ हिस्सा तोड़े जाने की कार्रवाई की जा रही है। इससे निकलने वाले सामानों को रखने को लेकर राजीव केसरवानी और देवेंद्र नाथ मिश्र के बीच विवाद चल रहा था। सोमवार को जब एक पक्ष के राजीव केसरवानी मंदिर पहुंचे तो मंदिर में मौजूद लोगों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई और लाठी ठंड चलने लगे। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं इस मामले को लेकर पुलिस ने राजीव केसरवानी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस को तहरीर दी गई है। इस विवाद को लेकर तीन लोगों की पुलिस ने हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
: अन्तर्राज्यीय चार शातिर चोर मय सर्राफ सहित गिरफ्तार
Tue, Dec 20, 2022
चोरी किए गए सोने चांदी के जेवरात व घटना में प्रयुक्त कार बरामद
हाइवे किनारे बसी कालोनियों में ताला बंद घरों करते थे चोरी
अयोध्या। जनपद पुलिस ने नगर कोतवाली के सिविल लाइन स्थित हौसिलानगर में दो बीमा अभिकर्ताओं के यहां ताला तोड़ चोरी के साथ शहर की सात चोरियों का खुलासा किया है। पुलिस ने बाराबंकी निवासी एक गिरोह के सरगना समेत तीन सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वाले सराफ को गिरफ्तार किया है।
सोमवार को नगर कोतवाली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान एसपी सिटी मधुबन सिंह ने बताया कि नगर कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह, एसओजी प्रभारी अरशद और अन्य थाना पुलिस की टीम ने सोमवार की सुबह टीवी टावर तिराहे के पास से कार सवार चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में इन्होंने अपना नाम-पता जुबेर खान व अरबाज निवासीगण रसूलपना थाना देवा जनपद बाराबंकी मूल पता नत्था कोठी उत्तरी टोला कश्मीरी मोहल्ला नई बस्ती जनपद बाराबंकी,अल्ताफ जमाल निवासी जंगेरी पोस्ट मलागी थाना मुन्डगोड़ जनपद उत्तरा कनाडा, कर्नाटक और दिलीप कुमार रस्तोगी निवासी रसूलपुर कोतवाली नगर जनपद बाराबंकी बताया है। इनमें जुबेर सरगना और अरबाज उसका बेटा तथा अल्ताफ जमाल सरगना के साले का साला तथा दिलीप चोरी के जेवरात का खरीददार है। यह लोग हाइवे किनारे बसी कालोनियों में ताला बंद घरों की अपने कार संख्या यूपी 78 बीवाई 4902 खड़ी कर रेकी करते थे और वारदात के बाद अपने घर निकल जाते थे। अल्ताफ जमाल हौसिला नगर की वारदात के एक दिन पूर्व ही हवाई यात्रा कर पहुंचा था। सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग के बाद पुलिस इन तक पहुंची। गिरोह के पास से चुराया गया सोने की सात जोड़ी कान की झुमकी, एक जोड़ी कान के टप्स, एक गले का हार, तीन गले की चेन, तीन अंगूठी, एक नाक की नथ, एक लाकेट, चांदी का 12 सिक्का, दो जोड़ा कंगन, चार कटोरी, तीन गिलास, एक थाली, एक प्लेट, चार चम्मच, एक सिन्दूरदानी, एक दीपकदानी, नौ जोड़ी पायल, एक जोड़ी पावजेब, छह जोड़ी बिछिया, एक लाकेट, 11 हजार 500 रूपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त कार, दो स्मार्टफोन व ताला तोड़ने का औजार मिला है। उन्होंने बताया कि गिरोह ने कैंट, कोतवाली अयोध्या व नगर में कुल सात चोरियों की बात कबूली है।
पुलिस ने हौसिलनगर के दो घरों में हुई चोरी के मामले में सभी जेवरात बरामद कर लिया, केवल नकदी ही एक लाख में से साढ़े 11 हजार मिली है। वहीं छोटे भाई की शादी में गए कैंट थाना क्षेत्र के डिफेन्स कालोनी करमअली का पुरवा निवासी सरकारी कर्मी पुष्पेंद्र सिंह के घर 29 मई को दो लाख नकद समेत आठ लाख के जेवरात की चोरी, दर्शन को मथुरा गए सहादतगंज शिवनगर कालोनी निवासी विजय सिंह के घर 29 अक्टूबर को 10 हजार नकदी समेत कई लाख के जेवरात चोरी, नगर कोतवाली के ही कौशलपुरी निवासी जीत बहादुर प्रियदर्शी के घर का ताला तोड़ 30 जनवरी की रात हजारों के जेवरात व नकदी चोरी के मामले में केवल कबूलनामा तक रहा। इससे संबंधित कोई जेवर और नकदी बरामद नहीं हो सकी। जबकि अयोध्या कोतवाली के अवधूत नगर श्रीरामपुरम कालोनी निवासी नरेंद्र कुमार शर्मा के यहां 13 नवंबर की रात 70 हजार नकदी समेत हजारों के जेवरात और सीसीटीवी के डीवीआर चोरी तथा एलआईजी निवासी अनिल जौहरी के घर ताला तोड़ 27 सितंबर की रात नकदी व हजारों के जेवरात चोरी के मामले में थोड़ी बरामदगी ही हो पाई। अनिल जौहरी की रिपोर्ट ही लगभग तीन माह बाद दर्ज हो पाई।
: रामपथ चौड़ीकरण से प्रभावित व्यापारियों से मिले पूर्व मंत्री पवन पाण्डेय
Tue, Dec 20, 2022
उचित मुवाअजा व उजड़ रहे लोगो के जीविकोपार्जन की किया मांग
अयोध्या। पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय “पवन“ ने सोमवार को अयोध्या में पीड़ित व्यापारियों मुलाकात की। उन्होंने रामपथ सड़क चौड़ीकरण योजना से प्रभावित हो रहे व्यापारियों से मिलकर हालचाल लिया हर संभव मदद का आश्वासन दिया। श्री पांडेय ने कहा इस संकट की घड़ी में पूरी समाजवादी पार्टी अयोध्या के पीड़ित लोगों के साथ खड़ी है। श्री पांडेय ने शासन/प्रशासन से मांग किया कि प्रभावित हो रहे लोगो को तत्काल उचित मुवाअजा दे एवं उजड़ रहे लोगो की जीविकोपार्जन की समुचित व्यवस्था करे।बचे हुए जगह में पुर्ननिर्माण में आ रहे अवरोधो को तत्काल दूर किया जाय। श्री पांडेय ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि रामपथ योजना में कई लोग बेघर हो रहे है जिसे तत्काल बसाया जाय। श्री पांडेय ने जिला प्रशासन से मांग किया कि मुवाअजा, बैनामा, फसाड/डिजाइन आदि के बारे में लोगो को हो रही परेशानी के संदर्भ में जगह जगह कैप कार्यालय लगाकर समस्याओं का निस्तारण कराया जाय। श्री पाडेय नें कहा समाजवादी पार्टी अयोध्या का हमेशा विकास किया है विकास चाहता है लेकिन किसी को दुखी करके नही बल्कि उसको संतुष्ट करते हुए कार्ययोजना को आगे बढ़ाया जाय। इस अवसर पर मुख्य रूप से नन्द कुमार गुप्ता “नंदू“, शक्ति जायसवाल, विजय साहू,ध्रुव गुप्ता, विजय यादव,शिवम् गुप्ता,निखिल जायसवाल,सुरेश माझी,आभास कृष्ण कान्हा, राजू यादव,सोनू गुप्ता, विकास गुप्ता, राम जी श्रीवास्तव, भरत गुप्ता, सुरेश यादव,मंगल गुप्ता, देवानंद, जय प्रकाश गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।