गणेश चतुर्थी पर स्वामीनारायण मंदिर में गूंजा गणपति बप्पा मोरया : भव्य श्रृंगार के बाद हुई विघ्नहर्ता की आरती, हरिभक्तों को बांटा प्रसाद, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया गणेश प्राकट्य
admin
Tue, Sep 15, 2026
गणेश चतुर्थी पर स्वामीनारायण मंदिर में गूंजा गणपति बप्पा मोरया
भव्य श्रृंगार के बाद हुई विघ्नहर्ता की आरती, हरिभक्तों को बांटा प्रसाद, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया गणेश प्राकट्य उत्सव
अयोध्या। रायगंज स्थित प्रसिद्ध श्री स्वामीनारायण मंदिर में गणेश चतुर्थी पर सोमवार को विघ्नहर्ता भगवान श्रीगणेश का प्राकट्य उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जिससे रात में मंदिर की छटा देखते ही बनी।
गणेश चतुर्थी पर बड़ी संख्या में हरिभक्त मंदिर पहुंचे। भगवान श्रीगणेश को विधिविधान से विराजमान कराने के बाद उनका भव्य श्रृंगार किया गया। विशेष पूजा-अर्चना के उपरांत प्राकट्य उत्सव की आरती हुई। आरती के दौरान मंदिर परिसर गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठा। आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
उत्सव का आयोजन श्री नर-नारायण देव पीठ, अहमदाबाद के आचार्य प्रवर 1008 श्री कौशलेंद्र प्रसादजी महाराज, बड़े महाराज श्री तेजेंद्र प्रसादजी तथा भावी आचार्य श्री बृजेंद्र प्रसादजी महाराज के पावन आदेशानुसार किया गया।
श्री स्वामीनारायण मंदिर, रायगंज अयोध्या धाम के महंत स्वामी शास्त्री नारायण बल्लभ दासजी महाराज के सानिध्य और मार्गदर्शन में उत्सव की व्यवस्थाएं की गईं। मंदिर में देर तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और भक्तिमय वातावरण रहा।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन