सद्गुरु रितेश्वर महाराज ने राम–सीता को बताया प्रेम का आदर्श : नन्दनी नगर के राष्ट्र कथा महोत्सव में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
admin
Tue, Jan 6, 2026
सद्गुरु रितेश्वर महाराज ने राम–सीता को बताया प्रेम का आदर्श
नन्दनी नगर के राष्ट्र कथा महोत्सव में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
नन्दनी नगर महाविद्यालय में राष्ट्र कथा महोत्सव में कथा का भव्य समापन, बुधवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बांटेंगे बच्चों को मोटरसाइकिल
ऐतिहासिक महोत्सव में प्रतिदिन लाखों लोग भोजन प्रसाद पा रहें, महोत्सव की चर्चा पूरे देश में
नन्दनी नगर- नवाबगंज। नन्दनी नगर महाविद्यालय में आयोजित राष्ट्र कथा महोत्सव का आज ऐतिहासिक समापन हुआ। समापन दिवस पर कथा व्यास सद्गुरु रितेश्वर महाराज ने भगवान श्रीराम और माता सीता के आदर्श चरित्र पर प्रकाश डालते हुए उन्हें भारतीय संस्कृति में प्रेम, मर्यादा और त्याग का सर्वोच्च आइडल बताया। उन्होंने कहा कि राम–सीता का प्रेम केवल भावनात्मक नहीं, बल्कि कर्तव्य, विश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़ा हुआ है, जो आज के समाज के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
यह राष्ट्र कथा महोत्सव पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, बुद्धिजीवी, छात्र-छात्राएं और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। महोत्सव के संयोजक के रूप में विधायक प्रतीक भूषण सिंह, कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह, सुदीप भूषण सिंह एवं सुमित भूषण सिंह की सक्रिय भूमिका रही। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
समापन कथा में सद्गुरु रितेश्वर महाराज ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की शिक्षा देता है, वहीं माता सीता का चरित्र धैर्य, समर्पण और आत्मबल का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब रिश्तों में स्वार्थ और अस्थिरता बढ़ रही है, तब राम–सीता का जीवन हमें निस्वार्थ प्रेम और पारिवारिक मूल्यों को समझने की दिशा देता है। कथा पंडाल में मौजूद श्रद्धालु महाराज के प्रवचनों को भावविभोर होकर सुनते रहे।
महोत्सव के दौरान राष्ट्र, संस्कृति और सनातन परंपरा से जुड़े विविध प्रसंगों पर कथाएं हुईं। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना जागृत करने का कार्य करते हैं। युवाओं को अपनी परंपरा और इतिहास से जोड़ने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने कहा कि राष्ट्र कथा महोत्सव का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एक सकारात्मक दिशा देना है। सांसद करण भूषण सिंह ने कहा कि पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के जन्मोत्सव पर आयोजित यह महोत्सव क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। इस ऐतिहासिक महोत्सव में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कथा में प्रतिदिन लाखों लोग प्रसाद पा रहें।
समापन अवसर पर भजन-कीर्तन और आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। हजारों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने कथा स्थल पर जय श्रीराम के जयघोष लगाए। आयोजन के सफल समापन के साथ ही नन्दनी नगर महाविद्यालय का परिसर भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक चेतना से सराबोर नजर आया। महोत्सव की देखरेख सांसद प्रतिनिधि सोनू सिंह, नीलेश सिंह, जेडी सिंह व अयोध्या प्रभारी महेंद्र त्रिपाठी कर रहें।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन