प्रतीक यादव की मौत में कारोबारी विवाद का एंगल : रिश्तों और निवेश को लेकर उठे कई सवाल कारोबारी तनाव, साझेदारी विवाद और मानसिक दबाव की चर्चाओं के बीच निष्पक्ष जांच की
admin
Fri, May 15, 2026
प्रतीक यादव की मौत में कारोबारी विवाद का एंगल
रिश्तों और निवेश को लेकर उठे कई सवाल
कारोबारी तनाव, साझेदारी विवाद और मानसिक दबाव की चर्चाओं के बीच निष्पक्ष जांच की मांग तेज
लखनऊ। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जानकारी और परिवार से जुड़े सूत्रों के हवाले से सामने आ रही बातों में कारोबारी तनाव, साझेदारी विवाद और मानसिक दबाव जैसे पहलुओं की चर्चा हो रही है। हालांकि, पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि राजनीति से दूरी बनाकर फिटनेस और रियल एस्टेट कारोबार में सक्रिय रहे प्रतीक यादव पिछले कुछ समय से आर्थिक दबाव का सामना कर रहे थे। उन्होंने फिटनेस क्लब और प्रॉपर्टी कारोबार के जरिए अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश की थी, लेकिन बीते एक वर्ष में कई प्रोजेक्ट्स में नुकसान होने की बात सामने आ रही है। करीबी सूत्रों का दावा है कि लगातार घाटे के कारण वे मानसिक तनाव में रहने लगे थे।
रियल एस्टेट कारोबार में बढ़ा विवाद
सूत्रों के मुताबिक, रियल एस्टेट कारोबार को लेकर प्रतीक यादव और उनके कुछ बिजनेस पार्टनर्स के बीच विवाद भी बढ़ गया था। चर्चा है कि उनकी पत्नी अपर्णा यादव के भाई अमन बिष्ट कई कंपनियों के संचालन से जुड़े थे। वर्ष 2012 में रजिस्टर्ड हुई कई कंपनियों में रियल एस्टेट निवेश किया गया था। हालांकि, कारोबारी जिम्मेदारियों और फैसलों को लेकर अंदरूनी मतभेद की बातें सामने आ रही हैं।
जानकारी के अनुसार, कारोबारी नुकसान बढ़ने के बाद रिश्तों में भी खटास आ गई थी। यहां तक कि विवाद इतना बढ़ गया कि जिम संचालन और संपत्ति उपयोग को लेकर भी तनातनी की स्थिति पैदा हो गई। इसी क्रम में अमन बिष्ट के खिलाफ करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी को लेकर मामला दर्ज कराए जाने की बात भी सामने आई है।
निवेश और लेन-देन को लेकर भी विवाद
वहीं, एक अन्य कारोबारी कृष्णानंद के साथ भी निवेश और लेन-देन को लेकर गंभीर विवाद की चर्चा है। आरोप है कि निवेश की रकम वापस मांगने पर प्रतीक यादव को झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दी गई थीं। इस संबंध में लखनऊ में एफआईआर दर्ज कराए जाने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
परिवार के सामने भी जाहिर की थी चिंता
करीब दो महीने पहले हुई एक पारिवारिक मुलाकात में भी प्रतीक यादव अपने कारोबार को लेकर काफी परेशान दिखाई दिए थे। बताया जाता है कि उस दौरान अखिलेश यादव ने उन्हें स्वास्थ्य का ध्यान रखने और कारोबार के उतार-चढ़ाव को सामान्य मानकर तनाव न लेने की सलाह दी थी।
परिवार से जुड़े लोगों और चिकित्सकीय सूत्रों का कहना है कि प्रतीक यादव लंबे समय से तनाव और एंग्जायटी से जूझ रहे थे। लगातार आर्थिक दबाव और विवादों ने उनकी मानसिक स्थिति पर असर डाला था।
निष्पक्ष जांच की उठी मांग
इधर, पूरे घटनाक्रम को लेकर साजिश की आशंका भी जताई जा रही है। कई लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं ताकि मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके। फिलहाल, यह मामला केवल एक पारिवारिक त्रासदी तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि कारोबार, रिश्तों, तनाव और संभावित साजिश जैसे कई पहलुओं के कारण चर्चा का विषय बन गया है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन