अखिलेश के कार्यक्रम को लेकर सपा में उत्साह : संतों में उठ विरोध के स्वर -पवन पांडेय विरोध के बावजूद कदम पीछे खींचने काे तैयार नहीं
admin
Fri, Nov 13, 2026
अखिलेश के कार्यक्रम को लेकर सपा में उत्साह
संतों में उठ विरोध के स्वर -पवन पांडेय विरोध के बावजूद कदम पीछे खींचने काे तैयार नहीं
अयोध्या: अयोध्या में संत महंतों के विरोध के बावजूद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की यात्रा के शिल्पकार पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय पवन कदम पीछे खींचने को तैयार नहीं। अखिलेश यादव को 12 दिसंबर को सपरिवार अयोध्या राम जन्मभूमि व हनुमानगढ़ी में दर्शन पूजन करने आना है। पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को लेकर मजबूती से डटी है। विरोध को लेकर बैचेनी नहीं दिखती। पवन पांडेय सत्ता संरक्षित कुछेक संत-महंतों का विरोध बताते हैं। कहते हैं कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की यात्रा का विरोध कर मुफ्त में उनका प्रचार कर रहे हैं।
अयोध्या में अखिलेश के आने के कार्यक्रम की घोषणा के बाद बुधवार को हुई बैठक में संत, महंतोें ने राम मंदिर जाने से पहले कारसेवकों पर गोली चलवाने के लिए उनसे माफी मांगने की मांग की। कारसेवकों पर गोली चलवाने का आरोप तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव पर भाजपा लगाती आयी है। अखिलेश की अभी तक राम मंदिर से दूरी रही है। 2022 के चुनाव में वह अयोध्या आये हनुमानगढ़ी में दर्शन भी किये लेकिन राम मंदिर नहीं गये। अभी तक इसकी तैयारी बैठक न होने के सवाल पर पवन बोले, कार्यक्रम को अभी एक महीना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाना है। पार्टी की तैयारी बैठक उसी के बाद होगी जिसमें राम मंदिर के दर्शन कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा।
दरअसल, 2024 के लोकसभा चुनाव के परिणाम से उत्साहित अखिलेश यादव 2027 के विधानसभा चुनाव में भी अयोध्या विधानसभा सीट पर पार्टी प्रत्याशी की जीत चाहते हैं जिससे उसके हिंदुत्व के कार्ड की चमक आमजन में फीकी पड़ने का संदेश दिया जा सके। 2024 के लोकसभा चुनाव में अयोध्या से पार्टी उम्मीदवार अवधेश प्रसाद ने लगातार दो बार के भाजपा सांसद लल्लू सिंह को पराजित कर भाजपा ही नहीं सभी को चौंका दिया था। माना जा रहा है कि अखिलेश विधानसभा चुनाव में साफ्ट हिंदुत्व के सहारे उसे दोहराना चाहते हैं। अयोध्या में इसकी पहली झलक तब मिली जब वह एक माह पहले आठ अक्टूबर को पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय पवन के यहां आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में आये। उसके ठीक एक माह बाद पवन ने अखिलेश के राम मंदिर सपरिवार आने की घोषणा कर भाजपा के राम मंदिर से अखिलेश की दूरी के मुद्दे को बैकफुट पर ढकेलने का प्रयास किया।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन