: अन्तर महाविद्यालयी एथलेटिक्स में देव इंद्रावती पीजी कॉलेज ओवरऑल चैम्पियन
Sun, Dec 4, 2022
अवध विश्वविद्यालय के अन्तर महाविद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता का हुआ समापन
अयोध्या। डॉ0 राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की एथलेटिक पुरुष व महिला प्रतियोगिता का समापन शनिवार को नगर निगम अयोध्या के आयुक्त विशाल सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि श्रीमती जयजीत कौर मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर श्रीमती चंचल मिश्रा, क्षेत्रीय क्रीडा अधिकारी अयोध्या विशेष रुप से उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के समापन के दिन हॉफ मैराथन महिला वर्ग में प्रथम स्थान ममता राजभर व द्वितीय स्थान नेहा वर्मा देव इंद्रावती पीजी कालेज को मिला। वहीं पुरूष वर्ग में प्रथम स्थान सौरव तिवारी रानी गणेश महाविद्यालय जामौ, द्वितीय स्थान जुगेश बिंद देव इंद्रावती पी जी कालेज व तृतीय स्थान सुशांत सिंह ग्रामोदय पीजी महाविद्यालय को प्राप्त हुआ। दूसरी ओर गोला प्रक्षेपण के पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान प्रवीण नंदिनी नगर पीजी कालेज, द्वितीय स्थान अमन कुमार देव इंद्रावती पी जी कालेज ने प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में रांची सिंह आरआर पीजी महाविद्यालय अमेठी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के दूसरी ओर 1500 मीटर महिला दौड़ में देव इंद्रावती पीजी कालेज की ममता पाल प्रथम व अंजली पटेल द्वितीय स्थान पर रही। आरती विश्वकर्मा आरआर पीजी महाविद्यालय अमेठी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 1500 मीटर पुरुष दौड़ में गुलशन यादव देव इंद्रावती पीजी कालेज ने प्रथम स्थान, सूर्य प्रकाश पंडित राम केदार महाविद्यालय ने द्वितीय स्थान, प्रदीप कुमार देव इंद्रावती पीजी महाविद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता समापन के पूर्व मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का स्वागत क्रीड़ा परिषद उपाध्यक्ष प्रो. जसवंत सिंह एवं क्रीडा सचिव प्रो. आशीष प्रताप सिंह ने पुष्प गुच्छ देकर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विशाल सिंह ने खिलाड़ियों से कहा कि जीवन में पढ़ाई के साथ खेल का बहुत महत्व है। खेल के द्वारा व्यक्ति अपने आप को स्वस्थ रखने के साथ बीमारी से मुक्त रखता है और सर्वोत्तम जीवन व्यतीत करता है। विशिष्ट अतिथि श्रीमती जयजीत कौर मिश्रा ने कहा कि खेल से व्यक्ति न केवल स्वस्थ रहता है। बल्कि खेल भावना से अनुशासन, मैत्री भावना विकसित होती है जो आज के समाज के लिए नितान्त आवश्यक है। प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। आयोजन सचिव एवं विश्वविद्यालय क्रीड़ा सचिव डॉ. आशीष प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, अन्य अतिथियों, टीम मैनेजर, कोच एवं प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ी छात्र एवं छात्राओं का आभार व्यक्त किया। क्रीडा सचिव ने प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए ऑफिशियल का विशेष आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ अनुराग पांडेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. त्रिलोकी यादव, डॉ. अमूल्य कुमार सिंह, डॉ. विनय कुमार सिंह, डॉ.पूनम जोशी ,डॉ. मुकेश वर्मा, डॉ दुष्यंत सिंह, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. अयूब सिद्दीकी, डॉ. अनिल कुमार मिश्रा, डॉ. कपिल कुमार राणा, डॉ. अर्जुन सिंह, प्रो. शैलेंद्र कुमार, डॉ. अनिल यादव, मोहनी पांडेय एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी छात्र-छात्राएं टीम मैनेजर, कोच उपस्थित रहे ।
: सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनी फरियाद
Sat, Dec 3, 2022
108 शिकायतों में मौके पर सात का हुआ निस्तारण
सोहावल-अयोध्या। तहसील सभागार में जिलाधिकारी नितीश कुमार ने फरियादियों की शिकायत सुनी। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश सचिव फरीद अहमद ने तहसील परिसर में बनाई गई करोड़ों की लागत से पानी की टंकी का मुद्दा उठाया। भाकियू नेता ने शिकायत किया कि लगभग एक करोड़ 67 लाख की लागत से तीन वर्ष पूर्व बनाई गई टंकी आज तक संचालित नहीं हो पाई। तहसील परिसर में आने वाले वादकारी और फरियादी सहित राजस्वकर्मी दूषित जल पीने को मजबूर हैं । डीएम ने शिकायत को गंभीरता से लिया और एसडीएम सोहावल मनोज कुमार श्रीवास्तव को जांच कर पानी की टंकी जल्द संचालित करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्राम हूंसेपुर निवासी राम अनुराग ने अपनी बाग में पानी की सप्लाई करने वाली पाइप बिछाए जाने को अनुचित मानकर शिकायत किया। खरगी का पुरवा निवासी गोली ने गाटा संख्या 285 में जबरदस्ती चकरोड निकलवाए जाने की शिकायत किया। देवराकोट निवासी दामोदर सिंह ने विद्युत शार्ट सर्किट से जल चुके गन्ने की फसल के प्रतिफल की मांग रखी। इस दौरान डीएम ने सभी शिकायतों को गुणवत्ता पूर्वक निस्तारित करने का आदेश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिया। इस अवसर पर सीएमओ ए राजा,एसडीएम मनोज श्रीवास्तव,तहसीलदार पवन कुमार गुप्ता, डीडीओ उपेंद्र प्रसाद,अधिशाषी अभियंता रजनीश गौतम, उप निदेशक कृषि संजय त्रिपाठी,बीडीओ मसौधा रशेष गुप्ता, बीडीओ सोहावल मोनिका पाठक,सीएचसी प्रभारी डा.प्रदीप कुमार, एस एच ओ रौनाही संतोष कुमार सिंह सहित जिले के अधिकारी मौजूद रहे। समाधान दिवस में ही डीएम ने मछुवारों को तालाबों का पट्टा दस्तावेज सौंपा। पट्टा पाने वालों में तहसील क्षेत्र के गांव नैपुरा निवासी महादेव निषाद, मुन्नी देवी,राम जी निवासी नरसिंहपुर, विकास कुमार निवासी ताजपुर कोडरा, राम खेलावन,कर्मराज निवासी सरियावां आदि शामिल रहे।
: साकेत महाविद्यालय छात्र संघ चुनाव 12 दिसंबर को
Sat, Dec 3, 2022
चुनाव में लिंगदोह कमेटी प्रक्रिया का होगा पूर्णता पालन:प्राचार्य अभय कुमार सिंह
9 हजार से अधिक छात्र है मतदाता, सत्र 22, 23 के मतदाता करेंगे मतदान: चुनाव अधिकारी चीफ प्रॉक्टर अनिल कुमार सिंह
अयोध्या। साकेत महाविद्यालय छात्र संघ चुनाव हुआ घोषित 12 दिसंबर को होगा चुनाव जिसमें लिंगदोह कमेटी के प्रक्रिया का होगा पूर्णता पालन।महाविद्यालय के प्राचार्य अभय कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय में मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है 6 दिसंबर को 11 बजे दिन में महाविद्यालय के वेबसाइट पर मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा वहीं से छात्र नेता और छात्र छात्राएं सूची डाउनलोड कर सकते है। 7 तारीख को सुबह 11 से 2 तक प्रशासनिक कार्यालय में अलग-अलग पदों के लिए अलग-अलग काउंटर पर नामांकन पत्रों की बिक्री प्रारंभ होगी और 8 दिसंबर को उसी काउंटर पर दिन में 11 से 2 तक जमा किया जाएगा 2 से 3 तक नामांकन पत्रों की जांच होगी और 3:30 बजे वैद्य प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित कर दी जाएगी नाम वापसी का समय 3:45 से 4:30 तक होगा और प्रत्याशियों की अंतिम सूची का प्रकाशन शाम 5 बजे कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 12 दिसंबर को सुबह 9 से 2 तक मतदान होगा 2:30 से मतगणना की जाएंगी। परिणाम घोषित होने के बाद जीते हुए प्रत्याशियों को शपथ ग्रहण कराकर प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
विद्यालय के चुनाव अधिकारी चीफ प्रॉक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्रशासन की अनुमति के बाद चुनाव का शेड्यूल घोषित किया गया है उन्होंने बताया कि 9000 से अधिक छात्र मतदाता है और मतदान देने का अधिकार उन्हीं छात्रों को होगा जिनका एडमिशन सत्र 22, 23 में हो चुका है। उन्होंने बताया कि अगर किसी नेता की शिकायत मिलती है कि वह वसूली कर रहा है या पोस्टर लगाया हुआ है तो उसका नामांकन रद्द कर दिया जाएगा।