: अयोध्या की समस्याओं से रुबरु हो रहे सांसद बृजभूषण शरण सिंह
Mon, Jun 13, 2022
सासंद बृजभूषण शरण सिंह संतो के साथ बैठकों का दौर शुरु हुआ, मंदिर- मंदिर जाकर संतो से पूछ रहे समस्या, ले रहे आशीर्वाद
पुजारी हेमंत दास की अगुवाई में भगवान रामलला व हनुमानजी पर टेका माथा
अयोध्या। उत्तर भारतीय के स्वभिमान यात्रा के ऐतिहासिक समापन के बाद अपने किये वादें के मुताबिक कैसरगंज के लोकप्रिय सांसद अयोध्या के संतों के दुलारे बृजभूषण शरण सिंह एक बार फिर रामनगरी के संतो के साथ बैठकों का दौर शुरु कर दिया। इस बैठक में सिर्फ अयोध्या की मूलभूत सुविधाएं और जनसमस्याओं को लेकर सांसद साधु संतो से राय मशविरा कर रहे है। कैसे जनसमस्या खत्म हो विकास सही दिशा में हो इसको लेकर बैठकों का दौर शुरु हो गया है। सांसद बृजभूषण शरण सिंह कहते है कि जनसमस्याओं व मूलभूत सुविधाओं की एक लिस्ट संतो द्धारा तैयार करवाके उस लिस्ट को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के सामने पेशकर उसका निस्तारण करायेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि अयोध्या की जो समस्याएं हैं संतों के निर्देशन में उन्हें दूर करने का प्रयास किया जाए। इस दौरान उन्होंने हनुमानगढ़ी में एक व्यायाम शाला बनवाने की भी घोषणा की।
सांसद बृजभूषण शरण सिंह आज मणिराम दास छावनी पहुंच कर श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अध्यक्ष श्रीमहंत नृत्य गोपाल दास महाराज व महंत कमलनयन दास का आशीर्वाद लिये। इसके बाद प्रसिद्ध पीठ श्री हनुमानगढ़ी पहुंच अपनी श्रद्धा हनुमानजी को निवेदित की। फिर भगवान रामलला की शरण में अपनी हाजिरी लगाई। इसका नेतृत्व हनुमानगढ़ी के वरिष्ठ पुजारी संकट मोचन सेना के कार्यवाहक अध्यक्ष पुजारी हेमंत दास ने किया। सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने हरिदास गोपाल पीठ पहुंच जगद्गुरू रामानन्दाचार्य स्वामी रामदिनेशाचार्य, रामलला सदन देवस्थान पहुंच जगद्गुरू रामानुजाचार्य स्वामी डा राघवाचार्य, श्रीराम बल्लभाकुंज पहुंच अधिकारी राजकुमार दास, महंत रामदास, बड़ा भक्त माल पहुंच महंत अवधेश दास, सुंदर सदन पहुंच महंत कृपालु रामभूषण दास, नागा रामलखन दास, प्रख्यात कथावाचक प्रेमभूषण जी, महंत अर्पित दास बुन्देलखण्ड का आशीर्वाद लिया।
: सरयू तट पर गीत-संगीत व अध्यात्म की त्रिवेणी प्रवाहमान हो रही
Mon, Jun 13, 2022
आंजनेय सेवा संस्थान के तत्वाधान में तीन दिवसीय सरयू जयंती महोत्सव का छाया उल्लास
अयोध्या। रामनगरी में तीन दिवसीय सरयू जयंती महोत्सव का अपने चरम पर है। सरयू तट पर गीत-संगीत व अध्यात्म की त्रिवेणी प्रवाहमान हो रही है। रामकथा, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित अनुष्ठानों के आयोजन से सरयू तट की आध्यात्मिक आभा शिखर को स्पर्श करती नजर आती है। आंजनेय सेवा संस्थान के तत्वाधान में इस वर्ष भी सहस्त्रधारा घाट पर तीन दिवसीय अवध सरयू जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के संयोजक महंत शशिकांत दास ने बताया कि कथा का शुभारंभ प्रख्यात कथावाचक प्रेमभूषण व अधिकारी राजकुमार दास ने द्वीप प्रज्वलन कर किया। भक्तों को कथारस का पान कराते हुए जगद्गुरू रामानन्दाचार्य स्वामी रामदिनेशाचार्य ने कहा कि मां सरयू के दर्शन मात्र से ही कलियुग के पापों का नाश हो जाता है। इनके तट पर आना भक्ति के आश्रय को प्राप्त कर लेना है। अवधपुरि मम पुरी सुहावनि, उत्तर दिशि बह सरयू पावनि। तुलसीदास ने इस पंक्ति में सरयू नदी को अयोध्या की पहचान का प्रमुख प्रतीक बताया है। रामदिनेशाचार्य का कहना है कि सरयू शब्द का अर्थ होता है जो मान सरोवर से प्रकट हुयी हो उसे सरयू कहते है।ये मान सरोवर से चलकर किसी बड़े नगर को छूती है तो वो सिर्फ़ अयोध्या का तट है।बाकि ये जंगल और गाँव से गुजरती है।ये सारी बातें सरयू और अयोध्या के अभिन्न संबंध को प्रस्तुत करती है।इसी कारण इनका एक नाम राम प्रिया भी है।पुराणों में भगवान विष्णु के नेत्र से प्रकट होने के कारण सरयू को नेत्रजा कहा गया है।ईश्वर के आँखों में करूणा का वास होता है।ईश्वर की करूणा ही पिघल कर सरयू के रूप में प्रवाहित हुयी है।अयोध्या में भगवान का पूजन सरयू जल के बिना नहीं होता है। कथा प्रवचन के बाज सांस्कृतिक संध्या सजी जिसमें चौबे बंधुओं दीपक व दीपांशु ने शमां बांध दिया। सरयू मैया तेरी निर्मल धारा जय सरयू मैया आदि की प्रस्तुति सराहनीय रही। महोत्सव का शुभारंभ श्रीराम बल्लभाकुंज के अधिकारी राजकुमार दास, प्रख्यात कथावाचक प्रेमभूषण, अर्पित दास बुंदेलखंड व कार्यक्रम के संयोजक महंत शशिकांत दास ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया। आंजनेय सेवा संस्थान के अध्यक्ष रामकचेहरी मंदिर के महंत शशिकांत दास ने बताया कि मुख्य पर्व जयंती उत्सव मंगलवार की शाम मनाया जाएगा। मां सरयू की दिव्य भव्य झांकी सजेेगी व महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
: छावनी पीठाधीश्वर महंत नृत्य गोपाल दास के 84 वें जन्मोत्सव पर देशभर संतो का जमावड़ा
Mon, Jun 13, 2022
महंत नृत्य गोपाल दास ऐसे संत है जो हमेशा भक्त और भगवान के लिए समर्पित रहते है हम सभी की इच्छा है श्री महाराज के करकमलों द्वारा श्रीराम लला अपने भव्य मंदिर में विराजमान हो: देवेंद्रप्रसादाचार्य
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष मणिराम छावनी पीठाधीश्वर महंत नृत्य गोपाल दास के 84 वें जन्मोत्सव पर संत सम्मेलन में दशरथ महल बड़ा स्थान के महंत विंदुगद्याचार्य स्वामी देवेंद्रप्रसादाचार्य ने कहा कि श्री महाराज नृत्य गोपाल दास ऐसे संत है जो हमेशा भक्त और भगवान के लिए समर्पित रहते है हम सभी की इच्छा है श्री महाराज के करकमलों द्वारा श्रीराम लला अपने भव्य मंदिर में विराजमान हो। श्री राम लला श्री महाराज जी को दीर्घायु प्रदान करें। विश्व हिंदू परिषद के फायर ब्रांड नेता पूर्व सांसद विनय कटियार ने कहा कि हम लोग के लिए सबसे सुखद बात यही है श्री महाराज जी स्वस्थ हम लोगों के बीच में हैं और उनका संघर्ष है जिसको कभी भुलाया नहीं जा सकता है।
नेपाल से पधारे जगतगुरु कृष्णदास महाराज ने कहा कि श्री महाराज जी देश में ही नहीं विदेशों में भी हिंदू जागरण का कार्य किए हैं आज जानकी जी की जन्मस्थली से यही कामना करता हूं महाराज जी दीर्घायु हो शतायु जिससे श्री राम मंदिर के साथ उनका आशीर्वाद हम सभी को मिलता रहे। नेपाल हिंदू राष्ट्र का लेकिन उसे भी धर्मनिरपेक्ष राज्य कर दिया गया है मैं सभी मनुष्यों से आकर्षित करना चाहता हूं हिंदू राष्ट्र ही होना चाहिए। सुदामा कुटी के महंत सुतीक्ष्ण दास ने कहा कि जैसे भागीरथी के पूर्वजों ने गंगा को लाने का प्रयास किया लेकिन श्री राजा भगीरथ को मिला ऐसे ही श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण का श्रेय महाराज जी को दिया जाएगा और उनके संरक्षण में भव्य मंदिर बनकर तैयार होगा रामलला उन्हीं के संरक्षण में मंदिर में विराजित होंगे।
संत सम्मेलन में पूर्व सांसद महंत डॉ रामविलास दास वेदांती, रंग महल महंत रामशरण दास, जगतगुरु आनंताचार्य, बावन मंदिर के वैदेही बल्लभ शरण, जगतगुरु सत्यानंद सरस्वती, महंत गौरी शंकर दास, महंत पवन शास्त्री, हरियाणा से धर्म देव दास, रंग वाटिका के महंत हरिसिद्ध शरण, केरल शक्ति सामंतानंद दास, श्रीराम वल्भाकुंज वेदांती मंदिर के अधिकारी राजकुमार दास श्रीराम कथा के मर्मज्ञ प्रेमभूषण महाराज सहित सैकड़ों संत ने अपने विचार व्यक्त किए।उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास महाराज ने सभी संतो का स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद लल्लू सिंह सांसद बृजभूषण शरण सिंह महामंडलेश्वर गिरीश दास महंत शशिकांत दास,मणिराम दास छावनी के महेंद्र दास आनंद शास्त्री व विहिप के मीडिया प्रभारी शरद शर्मा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।