चौक मंडी में निर्माण कार्य से करीब 50 फल-सब्जी विक्रेता प्रभावित : अस्थायी मंडी के लिए स्थान चिन्हित करेगी प्राधिकरण की टीम चौक मंडी के व्यापारियों को विधायक का भरोसा, रोजी-रोटी प्रभावित
admin
Sun, Sep 27, 2026
चौक मंडी में निर्माण कार्य से करीब 50 फल-सब्जी विक्रेता प्रभावित
अस्थायी मंडी के लिए स्थान चिन्हित करेगी प्राधिकरण की टीम
चौक मंडी के व्यापारियों को विधायक का भरोसा, रोजी-रोटी प्रभावित नहीं होने देंगे
अयोध्या। चौक सब्जी मंडी में चल रहे विकास कार्यों के बीच प्रभावित व्यापारियों की समस्याएं जानने के लिए रविवार को नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने मंडी का स्थलीय निरीक्षण किया और फुटकर सब्जी एवं फल विक्रेताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। व्यापारियों ने विधायक को बताया कि निर्माण कार्य के चलते मंडी में कई चबूतरे टूट गए हैं। इससे करीब 50 छोटे फल-सब्जी विक्रेताओं का कारोबार प्रभावित हुआ है। वहीं मंडी परिसर में करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में पानी भरने से हादसे की आशंका भी बनी हुई है। व्यापारियों ने निर्माण कार्य पूरा होने तक कारोबार के लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की मांग की। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन इसके कारण किसी व्यापारी की रोजी-रोटी प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। प्रभावित दुकानदारों के लिए अस्थायी तौर पर स्थान उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि निर्माण कार्य चलने के दौरान भी उनका कारोबार जारी रह सके। विधायक ने कहा कि चौक मंडी में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं का अभाव रहा है। उन्होंने सपा नेताओं पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सपा नेता केवल चुनाव के समय मंडी में पहुंचते हैं, लेकिन लंबे समय में यहां एक नल तक नहीं लगवा सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मंडी का विकास कराया जा रहा है और यहां तीन मंजिला मल्टीकॉम्प्लेक्स का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि मल्टीकॉम्प्लेक्स में पार्किंग सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे मंडी में आने वाले व्यापारियों और ग्राहकों को सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्र का व्यवस्थित विकास होगा। विधायक ने कहा कि विकास कार्यों के साथ प्रभावित व्यापारियों की समस्या का समाधान भी प्राथमिकता से कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अयोध्या विकास प्राधिकरण के सचिव राजेश मिश्र भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अस्थायी रूप से मंडी लगाने के लिए स्थान का चिन्हांकन कराया जा रहा है। इसके लिए टीम गठित की गई है, जिसमें विकास प्राधिकरण के दो अधिकारी और तीन व्यापारी शामिल हैं। टीम आपसी समन्वय से उपयुक्त स्थान का चिन्हांकन करेगी, जिससे निर्माण कार्य चलने तक व्यापारियों के कारोबार पर कम से कम असर पड़े। इस दौरान मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, सुप्रीत कपूर, प्रांशु अग्रवाल, मीडिया प्रभारी अमित मिश्र, नगर कोतवाल मनोज कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन