हनुमान बाग मंदिर में भागवत कथा का भव्य शुभारंभ : जयपुर के भक्तों ने निकाली विशाल शोभायात्रा, सात दिनों तक होगी श्रीमद्भागवत कथा की अमृत वर्षा
admin
Fri, Sep 25, 2026
हनुमान बाग मंदिर में भागवत कथा का भव्य शुभारंभ
जयपुर के भक्तों ने निकाली विशाल शोभायात्रा, सात दिनों तक होगी श्रीमद्भागवत कथा की अमृत वर्षा
अयोध्या। प्रसिद्ध हनुमान बाग मंदिर में जयपुर, राजस्थान से आए श्रद्धालुओं की ओर से आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का भव्य शुभारंभ विशाल शोभायात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। भक्तों के जयकारों और भक्ति गीतों से मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा के उपरांत विधि-विधान से कथा महोत्सव का शुभारंभ किया गया। अगले सात दिनों तक मंदिर परिसर में व्यासपीठ से श्रीमद्भागवत कथा की अमृत वर्षा होगी। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, धर्म और सदाचार का संदेश दिया जाएगा। आयोजन में जयपुर से आए भक्तों के साथ स्थानीय श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं।
महोत्सव की अध्यक्षता हनुमान बाग पीठाधीश्वर श्रीमहंत जगदीश दास महाराज करेंगे। उनके मार्गदर्शन में कथा महोत्सव को भव्य स्वरूप दिया गया है। आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए अधिकारी सुनील दास, रोहित शास्त्री, नितेश शास्त्री सहित हनुमान बाग परिवार के सदस्य लगातार जुटे हुए हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा, कथा स्थल की व्यवस्था और अन्य तैयारियों को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन