यूको बैंक अंचल कार्यालय अयोध्या ने शाखा प्रमुखों की समीक्षा बैठक में : कार्यकारी निदेशक राजेंद्र कुमार साबू ने व्यवसाय वृद्धि, ऋण वितरण, जमा विस्तार और ग्राहक सेवा पर दिए दिशा-निर्देश; उत्कृष
admin
Mon, Sep 21, 2026
यूको बैंक अंचल कार्यालय अयोध्या ने शाखा प्रमुखों की समीक्षा बैठक में बनाई नई कार्ययोजना
कार्यकारी निदेशक राजेंद्र कुमार साबू ने व्यवसाय वृद्धि, ऋण वितरण, जमा विस्तार और ग्राहक सेवा पर दिए दिशा-निर्देश; उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली शाखाएं सम्मानित
अयोध्या। यूको बैंक अंचल कार्यालय अयोध्या द्वारा होटल ताज अयोध्या में अंचल के अंतर्गत आने वाली सभी शाखाओं के शाखा प्रमुखों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यूको बैंक के कार्यकारी निदेशक, एमडी एवं सीईओ के अतिरिक्त प्रभार से संबद्ध राजेंद्र कुमार साबू विशेष रूप से मुख्यालय, कोलकाता से पधारे और शाखा प्रमुखों के साथ बैंक के व्यवसायिक विकास एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की।
श्री साबू ने आगामी वित्तीय वर्ष को ध्यान में रखते हुए बैंक के विभिन्न बिजनेस पैरामीटर्स, व्यवसाय वृद्धि, ऋण वितरण, जमा वृद्धि, ग्राहक सेवा एवं बैंकिंग सेवाओं के विस्तार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी शाखा प्रमुखों के साथ वन-टू-वन संवाद करते हुए प्रत्येक शाखा की कार्यप्रणाली, स्थानीय व्यवसायिक संभावनाओं एवं भविष्य की रणनीति पर चर्चा की।उन्होंने अयोध्या नगरी में पर्यटन, धार्मिक गतिविधियों, व्यापार एवं अन्य क्षेत्रों में उपलब्ध व्यापक बिजनेस पोटेंशियल का प्रभावी उपयोग करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय आवश्यकताओं एवं ग्राहकों की अपेक्षाओं को समझते हुए बैंकिंग सेवाओं को अधिक सुदृढ़ एवं ग्राहक-केंद्रित बनाया जाए।
श्री साबू के अयोध्या आगमन के अवसर पर 20 सितंबर को सरयू तट पर आयोजित संध्या आरती में भी उन्होंने सहभागिता की। इसके पश्चात उन्होंने हनुमानगढ़ी मंदिर में हनुमान जी के दर्शन किए। आज प्रातः उन्होंने श्री राम जन्मभूमि मंदिर में भगवान श्रीराम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।इसके उपरांत अंचल कार्यालय अयोध्या में आयोजित एक विशेष संगोष्ठी में अंचल कार्यालय के समस्त स्टाफ ने सहभागिता की। श्री साबू ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बैंक के व्यवसाय विस्तार, ग्राहक सेवा, कार्यकुशलता तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। होटल ताज अयोध्या में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान अंचल प्रमुख श्रीमती प्रियंका यादव भी श्री साबू के साथ उपस्थित रहीं। उन्होंने सभी शाखा प्रमुखों के साथ संवाद करते हुए बैंक के व्यवसाय को नई गति देने, विशेष व्यवसायिक क्षेत्रों में संभावनाओं को तलाशने तथा ग्राहकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
बैठक के दौरान बैंक द्वारा आयोजित विभिन्न अभियानों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा 1 अप्रैल से अब तक उल्लेखनीय व्यवसायिक उपलब्धियां हासिल करने वाले शाखा प्रमुखों एवं शाखाओं को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य अयोध्या अंचल में बैंक के व्यवसाय को और अधिक सुदृढ़ करना, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध व्यवसायिक संभावनाओं का अधिकतम उपयोग करना तथा ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं प्रदान करते हुए बैंक के निर्धारित लक्ष्यों की प्रभावी ढंग से प्राप्ति सुनिश्चित करना रहा।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन