उदासीन ऋषि आश्रम में 27 सितंबर से होगा गुरुपर्व समारोह : 5 अक्टूबर को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे नारायण संस्कृत महाविद्यालय भवन का उद्घाटन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रहेंगे
admin
Fri, Sep 18, 2026
रानोपाली उदासीन ऋषि आश्रम में 27 सितंबर से होगा गुरुपर्व समारोह
5 अक्टूबर को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे नारायण संस्कृत महाविद्यालय भवन का उद्घाटन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रहेंगे विशिष्ट अतिथि
अयोध्या। बाबा संगत बक्श जी की तपोस्थली रानोपाली स्थित उदासीन ऋषि आश्रम में 27 सितंबर से 5 अक्टूबर तक गुरुपर्व समारोह का आयोजन किया जाएगा। नौ दिवसीय समारोह में श्रीमद्भागवत कथा, संत समागम, अखंड रामचरितमानस पाठ समेत विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। समारोह के अंतिम दिन 5 अक्टूबर को केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशिष्ट अतिथि रहेंगे। दो से तीन केंद्रीय मंत्रियों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
आश्रम के श्री महंत डॉ. भरत दास महाराज ने बताया कि 5 अक्टूबर को सुबह 11 बजे नवनिर्मित नारायण संस्कृत महाविद्यालय भवन का उद्घाटन रक्षामंत्री करेंगे। करीब 1.30 लाख वर्गफीट क्षेत्रफल में विकसित किए जा रहे परिसर में 15 हजार वर्गफीट में एक मंजिला भवन का निर्माण अंतिम चरण में है। वर्तमान में भवन में 12 कमरों का निर्माण कराया गया है। भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए भवन की नींव तैयार की गई है। इसे आगे पांच मंजिला भवन के रूप में विस्तार देने की योजना है। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई केंद्रीय मंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है।
श्रीमहंत जी ने बताया कि नारायण संस्कृत विद्यालय की स्थापना वर्ष 1912 में हुई थी। वर्ष 1934 में इसे संस्कृत महाविद्यालय की मान्यता मिली। आश्रम के आचार्य एवं परम सिद्ध संत बाबा नारायण राम के शिष्य केशव राम ज्योतिष के प्रकांड विद्वान थे। उन्होंने अपने गुरु की स्मृति में विद्यालय की स्थापना की थी। बलरामपुर जिले में छोटा रानोपाली आश्रम भी इससे जुड़ा है।
समारोह के तहत 27 सितंबर से अखिल भारतीय रामतीर्थ मिशन, देहरादून के अध्यक्ष डॉ. शिवचंद्र दास महाराज की श्रीमद्भागवत कथा शुरू होगी, जिसका समापन तीन अक्टूबर को होगा। इसी दिन संत समागम आयोजित किया जाएगा। चार अक्टूबर को श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ शुरू होगा, जो 24 घंटे चलेगा। पांच अक्टूबर को सुबह 10 बजे धर्मध्वजा का पूजन एवं स्थापना होगी। इसके बाद 11 बजे महाविद्यालय भवन का उद्घाटन समारोह होगा।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन