मतदाता सूची व चुनाव प्रक्रिया को लेकर सपा ने किया प्रदर्शन : गांधी पार्क से कचहरी तक निकला पैदल मार्च, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे किया मांग
admin
Mon, Oct 5, 2026
मतदाता सूची व चुनाव प्रक्रिया को लेकर सपा ने किया प्रदर्शन
गांधी पार्क से कचहरी तक निकला पैदल मार्च, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे किया मांग
फूंका मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला, मतदाता सूची व चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल
अयोध्या। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूची व चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को अयोध्या में जोरदार प्रदर्शन किया। गांधी पार्क से बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए कचहरी की ओर रवाना हुए। सांसद अवधेश प्रसाद ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद जिला एवं महानगर द्वारा आयोजित पैदल मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के नाम पर मतदाताओं के अधिकार प्रभावित किए जा रहे हैं। पार्टी ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और मतदाता सूची से जुड़े मामलों की निष्पक्ष समीक्षा की मांग उठाई। इसके बाद कलेक्ट्रेट गेट पर सिटी मजिस्ट्रेट को सपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित अपनी मांगों का एक ज्ञापन भी सौंपा। इस मौके पर सांसद अवधेश प्रसाद ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस तरह राम मंदिर के चंदे को लेकर सवाल उठे हैं, उसी तरह वोटों की चोरी का सवाल भी सामने आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त भाजपा के साथ मिलकर वोटों की चोरी करवा रहे हैं। अवधेश प्रसाद ने मांग की कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाया जाए अथवा वह स्वयं इस्तीफा दें। पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन पांडे’ ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से हटता है तो उसके मतदान के अधिकार पर सीधा असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर उठ रहे सवालों का निर्वाचन आयोग को स्पष्ट जवाब देना चाहिए तथा पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता का मत समान रूप से महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची से जुड़े किसी भी संशोधन में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि किसी भी पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार पर असर न पड़े। पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी ‘रुश्दी मियां’ ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव की निष्पक्षता पर जनता का विश्वास सर्वाेपरि है। मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का निर्वाचन आयोग को स्पष्ट जवाब देना चाहिए और पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए। पूर्व विधायक जयशंकर पांडेय ने कहा, “मताधिकार की रक्षा लोकतंत्र की पहली शर्त है, वोट की चोरी के खिलाफ समाजवादी पार्टी का संघर्ष जनहित में निर्णायक लड़ाई है।” सपा जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव ने कहा कि पार्टी का ‘लोकतंत्र बचाओ अभियान’ मतदाताओं के अधिकार और चुनावी पारदर्शिता से जुड़े सवालों को जनता के बीच ले जाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ स्तर तक जाकर मतदाता सूची की स्थिति की जानकारी लेंगे और पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने के लिए आवाज उठाएंगे। महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। निर्वाचन आयोग को जनता के बीच उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए चुनाव प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करनी चाहिए। गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने अयोध्या में सात दिवसीय ‘लोकतंत्र बचाओ अभियान’ का ऐलान किया है। अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची, मतदान के अधिकार और चुनावी पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय करने की बात कही गई है। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी नेता, पदाधिकारी, व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन