नंदीग्राम भरत कुंड में गूंजेगी रामकथा: इंद्रेश महाराज के प्रवचन का : श्री दशरथ महल व श्री राम सुंदर तुलसी मानस सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में भरत कुंड स्थित श्री राम जानकी मंदिर में होगा
admin
Sat, Apr 4, 2026
नंदीग्राम भरत कुंड में गूंजेगी रामकथा: इंद्रेश महाराज के प्रवचन का भव्य आयोजन प्रस्तावित
श्री दशरथ महल व श्री राम सुंदर तुलसी मानस सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में भरत कुंड स्थित श्री राम जानकी मंदिर में होगा आयोजन, जल्द घोषित होगी तिथि
अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की तपोभूमि अयोध्या में एक बार फिर भक्ति और श्रद्धा का अनुपम संगम देखने को मिलेगा। श्री दशरथ महल एवं श्री राम सुंदर तुलसी मानस सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में नंदीग्राम स्थित श्री राम जानकी मंदिर, भरत कुंड में शीघ्र ही सुप्रसिद्ध कथा वाचक इंद्रेश महाराज की पावन रामकथा का आयोजन प्रस्तावित है।
इस संबंध में श्री अर्जुनद्वाराचार्य, श्रीमद् जगतगुरु कृपालु रामभूषण देवाचार्य महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिवर्ष श्री दशरथ महल पीठाधीश्वर बिंदुगद्याचार्य स्वामी देवेंद्र प्रसादाचार्य जी महिला के सानिध्य में नंदीग्राम में भव्य कथा का आयोजन होता रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी श्रद्धा और भक्ति का दिव्य आयोजन आकार ले रहा है।
उन्होंने बताया कि वृंदावन के विख्यात कथा वाचक इंद्रेश जी महाराज हाल ही में अयोध्या धाम पधारे थे। इस दौरान उन्होंने प्रभु श्रीराम के अनुज भरत जी की तपोस्थली नंदीग्राम पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया। नंदीग्राम की पावन भूमि और वहां की आध्यात्मिक ऊर्जा से अभिभूत होकर इंद्रेश महाराज ने संकल्प लिया कि उन्हें इसी पवित्र स्थल पर रामकथा का रसपान कराना है।
कृपालु रामभूषणदेवाचार्य महाराज ने कहा कि संतों की भावनाओं का सम्मान करना हमारी परंपरा रही है। ऐसे में इंद्रेश महाराज के इस पावन संकल्प को साकार करने के लिए ट्रस्ट द्वारा शीघ्र ही कथा आयोजन की तिथि घोषित की जाएगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नंदीग्राम की इस पुण्य भूमि पर आयोजित होने वाली यह कथा श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक चेतना का नवीन आलोक प्रसारित करेगी और जन-जन को भक्ति के पथ पर अग्रसर करेगी। श्रद्धालु भी इस दिव्य कथा के श्रवण हेतु उत्सुक नजर आ रहे हैं।इस मौके पर हनुमानगढ़ी से महंत राजू दास, पत्थर मंदिर के महंत मनीष दास भी मौजूद रहें।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन