नगर निगम सोलर लाइट टेंडर में 47 लाख की ठगी : राजनीतिक रसूख का दिखावा कर दिया झांसा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
admin
Tue, Sep 9, 2025
नगर निगम सोलर लाइट टेंडर में 47 लाख की ठगी
राजनीतिक रसूख का दिखावा कर दिया झांसा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
एवन ग्रीन सिटी के बैंक खाते में पीड़ित से अलग-अलग किश्तों में 42 लाख रुपये जमा कराए
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, शेष दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी: आशुतोष तिवारी सीओ अयोध्या
अयोध्या। नगर निगम के सोलर लाइट टेंडर में साझेदारी का सपना दिखाकर शातिर गैंग ने एक व्यवसायी से 47 लाख रुपये की ठगी कर ली। खुद को बड़े अधिकारियों और नेताओं का करीबी बताकर मुख्य आरोपी मोहम्मद आरिफ आब्दी ने फर्जी दस्तावेजों और मेल आईडी के सहारे पूरा जाल बिछाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
पीड़ित देवनारायण तिवारी निवासी अयोध्या ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनके छोटे पुत्र अभिनव त्रिपाठी के माध्यम से गोंडा निवासी सुभाष सिंह और गणेश कान्वेंट स्कूल देवकाली के रिंकू मौर्या उन्हें राठहवेली निवासी मोहम्मद आरिफ आब्दी से मिलवाए। आब्दी ने दावा किया कि नगर निगम में 13.65 करोड़ रुपये का सोलर लाइट का टेंडर निकला है, जिसमें साझेदारी का मौका है।आरोपी ने खुद को रसूखदार बताते हुए कई वरिष्ठ अधिकारियों और राजनीतिक चेहरों के साथ तस्वीरें दिखाकर भरोसा दिलाया। फिर अपनी फर्म एवन ग्रीन सिटी के बैंक खाते में पीड़ित से अलग-अलग किश्तों में 42 लाख रुपये जमा कराए। इसके अलावा गूगल पे व अन्य माध्यमों से 5.95 लाख रुपये भी ऐंठ लिए। टेंडर प्रक्रिया की आड़ में सिक्योरिटी के नाम पर चार ब्लैंक चेक भी ले लिए।पीड़ित के अनुसार, रकम मिलने के बाद आब्दी ने फर्जी मेल आईडी से एक वर्क ऑर्डर भेजा, जिस पर किसी अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं थे। जब इस पर सवाल उठाया गया तो दूसरा वर्क ऑर्डर भेजा गया, जिस पर नकली हस्ताक्षर बना दिए गए थे। जब पीड़ित ने बार-बार काम दिखाने की मांग की तो आरोपी टालमटोल करता रहा। विरोध करने पर उसने धमकी भिजवाकर जान से मारने की धमकी भी दी।सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि आरोपी मोहम्मद आरिफ आब्दी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन