Sunday 5th of July 2026

ब्रेकिंग

कहा- एसआईटी की अंतिम जांच रिपोर्ट आने तक चंपत राय को दोषी मानना उचित नहीं

महंत संजयदास बने राष्ट्रीय प्रवक्ता, रामनगरी का संत नेतृत्व अब देशभर में गूंजेगा

कंचन भवन के पीठाधीश्वर बोले-आरोप और अपराध सिद्ध होना अलग बातें, निष्पक्ष जांच से सामने आएगा पूरा सच

पुलिस ने घरवालों से की पूछतांछ, पड़ोसियों से भी ली जानकारी, अविनाश शुक्ला के किराये के मकान लगाया ताला

सरयू जयंती महोत्सव के चौथे दिन श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला

सुचना

Welcome to the DNA Live, for Advertisement call +91-9838302000

जगतगुरु रामदिनेशाचार्य के जन्मोत्सव पर हरिधाम पीठ में उमड़ी श्रद्धा : अखंड रामनाम संकीर्तन व मानस पाठ से भक्तिमय हुआ वातावरण, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने लिया आशीर्वाद

जगतगुरु स्वामी रामदिनेशाचार्य के जन्मोत्सव पर हरिधाम गोपाल पीठ में उमड़ी श्रद्धा

अखंड रामनाम संकीर्तन व मानस पाठ से भक्तिमय हुआ वातावरण, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने लिया आशीर्वाद

अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के अद्भुत वातावरण में सराबोर है। अवसर है जगतगुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामदिनेशाचार्य महाराज के जन्मोत्सव का, जिसके उपलक्ष्य में रामघाट स्थित श्री हरिधाम गोपाल पीठ पर भक्तों का आगमन लगातार बढ़ता जा रहा है। पीठ परिसर में आध्यात्मिक आस्था और भक्तिमय उमंग का अलौकिक संगम देखने को मिल रहा है।

जगतगुरु महाराज के जन्मोत्सव के निमित्त श्री हरिधाम गोपाल पीठ में अखंड श्रीराम नाम संकीर्तन तथा श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ विधिवत प्रारंभ हो गया है। संकीर्तन की मधुर ध्वनि और मानस की पावन चौपाइयों से संपूर्ण वातावरण भक्तिरस में डूबा हुआ है। आश्रम परिसर में हर ओर ‘सीताराम’ और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष गूंज रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं के हृदय में अद्भुत आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो रहा है।

देश के विभिन्न प्रांतों से श्रद्धालु और अनुयायी अपने आराध्य गुरुदेव के प्रति अटूट श्रद्धा और सेवा भाव लेकर अयोध्या पहुंच रहे हैं। आश्रम में भक्तों के ठहरने, प्रसाद वितरण और सत्संग की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालु सेवा, भजन-कीर्तन और रामनाम संकीर्तन में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। जगतगुरु भगवान का जन्मोत्सव 8 मार्च को कार्तिक कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि पर आश्रम परिसर में सादगी और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, सत्संग और संत समागम का आयोजन भी होगा।

इसी क्रम में जगतगुरु महाराज के जन्मदिन से एक दिन पूर्व कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, श्रृंगी ऋषि आश्रम पीठाधीश्वर महंत हेमंत दास, डांडिया पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर महंत गिरीश दास और पत्थर मंदिर पीठाधीश्वर महंत मनीष दास भी अयोध्या स्थित श्री हरिधाम पीठ पहुंचे। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने जगतगुरु स्वामी रामदिनेशाचार्य महाराज को पुष्पमाला पहनाकर उनका सादर स्वागत किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने प्रभु श्रीरामलला और संकटमोचन हनुमान जी महाराज के श्रीचरणों में प्रार्थना करते हुए जगतगुरु महाराज के दीर्घायु और शतायु होने की कामना की।

यद्यपि जगतगुरु महाराज स्वयं अपने जन्मोत्सव को औपचारिक रूप से नहीं मना रहे हैं, किंतु उनके शिष्यों और भक्तों के हृदय में अपार श्रद्धा और उत्साह का भाव उमड़ रहा है। भक्तों का मानना है कि उनके लिए गुरुदेव साक्षात ईश्वर स्वरूप हैं, ऐसे में उनके जन्मदिवस पर की गई सेवा ही उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है।

हरिधाम पीठ में भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और सत्संग का क्रम निरंतर चल रहा है। श्रद्धालु पूरे समर्पण और भक्ति भाव से आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे हैं। अयोध्या की यह आध्यात्मिक छटा मानो यह संदेश दे रही है कि गुरु परंपरा की दिव्य ज्योति आज भी समाज को धर्म, भक्ति और सद्भाव के मार्ग पर आलोकित कर रही है।

Tags :

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें