ध्वजारोहण में आए प्रधानमंत्री पर पौने तीन करोड़ व्यय : अकेले लोक निर्माण विभाग का खर्च पीएम नरेन्द्र मोदी के राम मंदिर के ध्वजारोहण कार्यक्रम में आगमन पर
admin
Mon, Jan 26, 2026
ध्वजारोहण में आए प्रधानमंत्री पर पौने तीन करोड़ व्यय
अकेले लोक निर्माण विभाग का खर्च
अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राम मंदिर के ध्वजारोहण कार्यक्रम में आगमन पर उनकी व्यवस्था पर लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड ने लगभग दो करोड़ 80 लाख रुपये विभिन्न व्यवस्थाओं के प्रबंधन में खर्च किए हैं। यह खर्च अकेले लोग निर्माण विभाग का है। नगर निगम समेत अन्य विभागों का खर्च इसमें नहींं है। 25 नवंबर को राम मंदिर के ध्वजारोहण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आए थे। वह महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सीधे साकेत डिग्री कालेज के परिसर में निर्मित अस्थायी हेलीपैड पर चापर से उतरे थे। सुरक्षा की वजह से उन्हें सड़क मार्ग से नहीं ले जाया गया। शासन पहले ही एक करोड़ 14 लाख रुपये इस मद में भुगतान की स्वीकृति 13 दिसंबर 2025 को दे चुका है। स्वीकृत भुगतान लगभग छह किमी. लंबी सड़क के पेंटिंग, रेलिंग की रंगाई, डिवाइडर के कर्व स्टोन आदि के मद पर व्यय का है। एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री का सड़क मार्ग से जाना संभावित रहा। अंतिम क्षण में कार्यक्रम में परिवर्तन कर एयरपोर्ट से उनको चापर से साकेत डिग्री कालेज के अस्थायी हेलीपैड पर उतारा गया।
प्रांतीय खंड के सूत्रों ने बताया कि वह अंतिम खर्च नहीं रहा। साकेत डिग्री कालेज के हेलीपेड, उसके एप्रोच मार्ग, एयरपोर्ट से बैरिकेडिंग, रास्ते में 10 से अधिक प्वाइंटों पर सीसीटीवी कैमरे, प्रधानमंत्री के रोड-शो के लिए बैरिकेडिंग, सुरक्षा जाली, सोफा, कुर्सी, कुशन कुर्सी आदि के इंतजाम पर लगभग एक करोड 66 लाख रुपये अतिरिक्त व्यय हुआ है। शासन से उसके भुगतान की प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को दो माह हो गये हैं। लोक निर्माण विभाग ने भुगतान की प्रक्रिया अब शुरू की है। अधिशासी अभियंता एसपी भारती ने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सुरक्षा की दृष्टि से फूलप्रूफ इंतजाम उच्चाधिकारियों के निर्देश पर किया जाता है। प्रधानमंत्री ध्वजारोहण कार्यक्रम लगभग तीन घंटे का रहा। लोक निर्माण विभाग के अलावा नगर निगम समेत अन्य विभागों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उनके खर्च इसमें शामिल नहीं हैं। ध्वजारोहण कार्यक्रम श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से आयोजित रहा। प्रधानमंत्री उस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। उनके कार्यक्रम की तैयारी 15 दिन पहले जिला प्रशासन ने शुरू कर दी थी।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन