छपिया में मनाया जाएगा 175वां शतामृत पाटोत्सव, देशभर से जुटेंगे संत-हरि : 21 जून से शुरू होगी पंचदिवसीय कथा पारायण, पंचामृत-केसर अभिषेक, छप्पन भोग व विशाल भंडारे में शामिल होंगे देशभर के हजारों
admin
Sat, Jun 20, 2026
छपिया में मनाया जाएगा 175वां शतामृत पाटोत्सव, देशभर से जुटेंगे संत-हरिभक्त
21 जून से शुरू होगी पंचदिवसीय कथा पारायण, पंचामृत-केसर अभिषेक, छप्पन भोग व विशाल भंडारे में शामिल होंगे देशभर के हजारों संत और हरिभक्त
अयोध्या। स्वामीनारायण संप्रदाय की प्रधान पीठ श्री स्वामीनारायण मंदिर छपिया में आदि आचार्य श्री अयोध्या प्रसाद जी महाराज द्वारा स्थापित श्री धर्मदेव, भक्ति माता एवं हरिकृष्ण महाराज का 175वां शतामृत पाटोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर पंचदिवसीय धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला 21 जून से प्रारंभ होगी, जिसका मुख्य उत्सव 25 जून को संपन्न होगा।
मंदिर प्रशासन के अनुसार यह पावन आयोजन श्री कुंज बिहारी वासुदेव नारायण, श्री रेवती बल्देव जी एवं हरिकृष्ण महाराज के पाटोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। आयोजन श्री नरनारायण देव पीठ के पीठाधिपति परमपूज्य धर्मधुरंधर आचार्य 1008 श्री कौशलेंद्र प्रसाद जी महाराज, मोटा महाराज श्री तेजेंद्र प्रसाद जी महाराज तथा भावी आचार्य लालजी महाराज 108 श्री बिजेंद्र प्रसाद जी महाराज की आज्ञा एवं आशीर्वाद से संपन्न होगा।
मंदिर के महंत देव प्रसाद दास जी की देखरेख तथा सद्गुरु स्वामी जगत प्रकाश दास जी के मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत 21 जून से भगवान स्वामीनारायण की पंचदिवसीय कथा पारायण का शुभारंभ होगा। कथा का वाचन एवं प्रवचन प्रसिद्ध विद्वान वक्ता सद्गुरु शास्त्री स्वामी निर्गुण दास जी द्वारा किया जाएगा। कथा के माध्यम से भगवान स्वामीनारायण के जीवन, उपदेशों और सनातन धर्म की महिमा का वर्णन किया जाएगा।
महोत्सव का मुख्य आयोजन 25 जून को होगा। इस दिन भगवान का दिव्य एवं भव्य पंचामृत तथा केसर अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद आकर्षक श्रृंगार, महापूजा और महाआरती का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं के लिए भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा तथा विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
आयोजकों के अनुसार पाटोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से हजारों संत, महंत एवं हरिभक्तों के पहुंचने की संभावना है। इसके चलते मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। धार्मिक अनुष्ठानों, कथा, भजन-कीर्तन और संत समागम से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।
इस संबंध में स्वामीनारायण मंदिर रायगंज, अयोध्या के महंत शास्त्री नारायण बल्लभ स्वामी जी महाराज ने बताया कि 175वां शतामृत पाटोत्सव श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति का विशेष अवसर होगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन