: राम की पैड़ी के सभी घाटों का दीपोत्सव नोडल अधिकारी ने किया निरीक्षण
Wed, Sep 7, 2022
नोडल अधिकारी ने दीपोत्सव पदाधिकारियों से दीए बिछाने की योजना पर की चर्चा
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह के निर्देश क्रम में दीपोत्सव नोडल अधिकारी प्रो. अजय प्रताप सिंह ने मंगलवार को सायं राम की पैड़ी के सभी घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के वक्त प्रो. सिंह ने हर घाटों की लम्बाई व चौडाई को देखते हुए पदाधिकारियों के साथ दीए बिछाने की योजना पर चर्चा की। प्रो. सिंह ने निरीक्षण के दौरान राम की पैड़ी पंप हाउस से लक्ष्मण किला आगे सद्गुरू सदन तक घाटों का बारीकी से जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने वालंटियर्स के दीए बिछाने व जलाने की पूरी प्रक्रिया से अवगत होते हुए पदाधिकारियों से तेजी के साथ क्रियान्वयन करने का निर्देश प्रदान किया। इसके अतिरिक्त प्रो. अजय प्रताप ने दीए की संख्या में इजाफा से बढ़े घाटों का भी जायजा लिया। मौके पर दीपोत्सव नोडल अधिकारी प्रो. अजय प्रताप सिंह ने बताया कि दीपोत्सव को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के दिए गए निर्देशक्रम में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा तैयारियां की जा रही है। इस बार के दीपोत्सव में प्रदेश शासन द्वारा 14 लाख 50 हजार का लक्ष्य दिया गया है। विश्वविद्यालय के 18 हजार से अधिक वालंटियर्स सभी घाटों पर 16 लाख से अधिक दीए बिछायेंगे व जलायेंगे। पूरे दीपोत्सव को भव्यता देने के लिए कमेटियां बना दी गई है। सभी अपने-अपने कार्यों का निष्पादन तेजी के साथ कर रहे है। नोडल अधिकारी ने बताया कि पौराणिक नगरी अयोध्या प्रभु श्रीराम के नाम से जानी जाती है। यहां का दीपोत्सव की पूरे विश्व में चर्चा है। इस बार का छठवां दीपोत्सव एतिहासिक होगा। विश्वविद्यालय के वालंटियर्स पूरी मुस्तैदी के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करेंगे। पुनः पांचवी बार गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में नाम दर्ज करायेंगे। निरीक्षण के दौरान उप-नोडल अधिकारी डॉ0 संग्राम सिंह, प्रो0 रमापति मिश्र, इंजीनियर अनुराग सिंह, इजीनियर पियूष राय, मंगलम सिंह सहित दीपोत्सव के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
: पुण्यतिथि पर याद किए गये पूर्व सांसद बाबू मित्रसेन यादव
Wed, Sep 7, 2022
मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिल व प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
मिल्कीपुर-अयोध्या। पूर्व सांसद मित्रसेन यादव की 7वीं पुण्यतिथि पर उनके संस्थापित किसान इंटर कॉलेज परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। श्रद्धांजलि सभा कार्यक्रम की अध्यक्षता मित्रसेन यादव के बेहद करीबी रहे हितलाल यादव ने की। समारोह में मित्रसेन यादव के द्वारा स्थापित किसान इंटर कॉलेज कल्याणपुर के एक दर्जन मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किए जानेे के साथ साथ उनके अभिभावकों को भी अंग वस्त्र भेंट करते हुए माल्यार्पण के साथ सम्मानित किया गया। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के हैरिंग्टनगंज ब्लॉक स्थित किसान इंटर कॉलेज प्रांगण में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह को संबोधित करते हुए समाजवादी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य लीलावती कुशवाहा ने स्वर्गीय मित्रसेन यादव के साथ रहकर काम किए जाने के अनुभव को बताते हुए कहा कि ऐसी प्रतिभा का धनी व्यक्ति मिल पाना संभव नहीं है। समारोह को संबोधित करते हुए सपा नेता फिरोज खान गब्बर ने कहा कि स्वर्गीय बाबू मित्र सेन यादव का डंका फैजाबाद ही नहीं पूरे प्रदेश में बजता रहा है। उन्होंने उनके पुत्र आनंद सेन यादव को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह उनके लिए हर संभव मदद के लिए 24 घंटे तैयार मिलेंगे। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए स्वर्गीय बाबूजी के बेहद करीबी इसौली निवासी मुख्तार खान ने मित्रसेन यादव के जीवन वृत्त पर विस्तार से प्रकाश डाला और उनके विधायक रहते हुए मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में हुए तमाम कांडों का जिक्र करते हुए कहा कि बाबूजी आजीवन केवल गरीबों मजलूमों की लड़ाई लड़ते रहे। समारोह को संबोधित करते हुए युवा नेता आनंद सिंह मिंटू ने आनंद सेन यादव एवं उनके परिवार के लिए आजीवन समर्पित रहने का ऐलान किया। सपा नेता जय सिंह यादव राणा ने मित्र सेन यादव के जीवन वृत्त पर विस्तार से प्रकाश डाला और श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह को जिला पंचायत सदस्य इंदू सेन यादव, हैरिंग्टनगंज ब्लाक प्रमुख अंकुर सेन यादव, सपा नेता एजाज अहमद, रामचेत, छोटे लाल यादव, सुरेश इंसान, रामजी पाल, पूर्व प्रमुख राम प्रगट रावत, साहब लाल यादव, पृथ्वीराज यादव, संतोष यादव पीतांबर, अखिलेश सिंह बब्बू सहित दर्जनों लोगों ने संबोधित किया। समारोह के आयोजक पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त कर धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन धर्मपाल यादव ने किया। कार्यक्रम में मौजूद बिरहा गायक छबिलाल पाल एवं भोजपुरी गायक धर्मेंद्र वर्मा ने स्वर्गीगीय अमित सिंह के जीवन वृत्त पर स्वरचित संगीत पेश किए। स्वर्गीय मित्रसेन यादव द्वारा स्थापित किए गए किसान इंटर कॉलेज कल्याणपुर में अध्ययनरत 2022 की परीक्षा में अव्वल रहे एक दर्जन मेधावी छात्र छात्राओं को साइकिल प्रदान कर पुरस्कृत भी किया गया। श्रद्धांजलि सभा में प्रमुख रूप से बाबूराम गौड़, पूर्व प्रधानाचार्य हरिबक्स सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
: तपस्वी छावनी की महंथी को लेकर लामबंद हुए संत
Wed, Sep 7, 2022
संत- धर्माचार्यों ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से की मुलाकात
अयोध्या। आचार्य पीठ तपस्वी छावनी की महंती को लेकर चल रही गोलबंदी के बीच बुधवार को बड़ी संख्या में संत- धर्माचार्यों ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात की। तपस्वी छावनी मंदिर के संचालन के लिए गठित ट्रस्ट के निर्णय का अनुपालन कराने और तथाकथित उत्तराधिकारी व उनके सहयोगी अराजक तत्वों की ओर से मंदिर पर कब्जा तथा विवाद रोकने की मांग की है। धर्मनगरी के विभिन्न मठ मंदिरों के महंत तथा सन्त सुबह कलेक्ट्रेट पहुंचे। जिलाधिकारी के हाईकोर्ट में होने के चलते एडीएम प्रशासन और एसपी सिटी से मुलाकात की और डीएम को संबोधित मांग पत्र सौंपा। इसके बाद डीआईजी कार्यालय पहुंच डीआईजी अमरेंद्र प्रसाद सिंह से मुलाकात की और प्रकरण की विस्तार से जानकारी दी। संत महंतों ने बताया कि पीठ के संचालन के लिए महंत सर्वेश्वर दास ने अपने जीवित रहते 2019 में 15 सदस्यीय ट्रस्ट का गठन किया था।महंत सर्वेश्वरदास व हरिचरण दास गोंडल वाले के साकेवास के चलते ट्रस्ट ने 2 सितंबर को नौ ट्रस्टियों के साथ बैठक कर सर्वसम्मति से दिलीप दास जगन्नाथ मंदिर जलालपुर दरवाजा अहमदाबाद को ट्रस्ट का अध्यक्ष और डीड के मुताबिक पीठ का महंत चुन लिया गया। साथ ही ओम प्रकाश दास को सह उपाध्यक्ष चुना गया है। पीठ के संचालन और महंत तय करने का अधिकार ट्रस्ट को है। आगामी 12 सितंबर को भंडारा और महंती के लिए कंठी चादर का कार्यक्रम तपस्वी छावनी में होना है। बावजूद इसके अपने को तथाकथित रूप से शिष्य बताने वाले परमहंस दास अपने सहयोगी अराजक तत्वों के साथ मंदिर पर कब्जा और विवाद उत्पन्न करना चाहते हैं। संतो ने पुलिस प्रशासन से ट्रस्ट के निर्णय का अनुपालन कराने और नाजायज हस्तक्षेप रोकने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल में कनक महल मंदिर के महंत सीताराम दास, हनुमत सदन के महंत अवध किशोरी शरण, चारुशिला मंदिर के जगद्गुरु वल्लभाचार्य, रामजी मंदिर गोंडल गुजरात के महंत जयराम दास, नाका हनुमानगढ़ी के महंत रामदास, मंगलभवन के महंत कृपाल भूषण दास, राम वल्लभाकुंज के अधिकारी राजकुमार दास, पत्थर मंदिर के महंत मनीष दास, बड़ा फाटक रामघाट के महंत संदीप दास, श्यामा सदन के महंत श्रीधर दास, तपस्वी छावनी के दामोदर दास व रामानंद दास, मिथिला संत सेवा आश्रम के महंत रामदास, विश्वामित्र आश्रम रामकोट के राधेश्याम रामायणी, हनुमान मंदिर के महंत राम बालक दास समेत राम हर्षण कुंज, छोटी छावनी, खाक चौक तथा अन्य मठ-मंदिरों के महंत और संत शामिल रहे।