मखौड़ाधाम में 21वें श्री राम महायज्ञ का भव्य समापन, पूर्णाहुति संग हुआ : संतों के सानिध्य में 6 दिवसीय आयोजन सम्पन्न, कथा व रासलीला ने भक्तों को किया भावविभोर
admin
Mon, Apr 27, 2026
मखौड़ाधाम में 21वें श्री राम महायज्ञ का भव्य समापन, पूर्णाहुति संग हुआ विशाल भंडारा
संतों के सानिध्य में 6 दिवसीय आयोजन सम्पन्न, कथा व रासलीला ने भक्तों को किया भावविभोर
बिंदुगद्दाचार्य स्वामी देवेंद्र प्रसादाचार्य एवं जगद्गुरु अर्जुन द्वाराचार्य कृपालु श्री राम भूषण देवाचार्य ने यज्ञ में दी विशेष आहुतियां
अयोध्या/मखौड़ाधाम। राजा दशरथ जी के राजमहल बड़ा स्थान द्वारा संचालित मख भूमि, मखौड़ाधाम स्थित श्री राम जानकी मंदिर प्रांगण में आयोजित 21वें श्री राम महायज्ञ का शनिवार को वैदिक विधि-विधान के साथ भव्य समापन हुआ। बिंदुगद्दाचार्य स्वामी श्री देवेंद्र प्रसादाचार्य जी महाराज की अध्यक्षता में पूर्णाहुति संपन्न हुई। इस दौरान यज्ञ शाला में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्य पंडित विष्णु प्रसाद नायक शास्त्री के आचार्यत्व में यजमानों सहित संत-महात्माओं ने आहुतियां अर्पित कीं।
महायज्ञ का शुभारंभ 20 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ था, जो 26 अप्रैल को पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ सम्पन्न हुआ। आयोजन के दौरान स्वामी देवेंद्र प्रसादाचार्य जी महाराज एवं उनके कृपापात्र शिष्य मंगल भवन पीठाधीश्वर जगद्गुरु अर्जुन द्वाराचार्य कृपालु श्री राम भूषण देवाचार्य महाराज ने यज्ञ में विशेष आहुतियां दीं। यज्ञ शाला की परिक्रमा के पश्चात भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संत, महंत, श्रद्धालु और अतिथि शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन संतों के सानिध्य में अन्न क्षेत्र संचालित होता रहा, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कथा मंच से डॉ. रागिनी मिश्रा द्वारा श्री राम कथा का रसपान कराया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। वहीं रात्रि में वृंदावन धाम की प्रसिद्ध रासलीला मंडली द्वारा प्रस्तुत रासलीला ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
कथा मंच पर विभिन्न संतों, महंतों एवं धर्माचार्यों ने अपने प्रवचनों से श्रद्धालुओं को धर्म और भक्ति का संदेश दिया। आयोजन के समापन पर सभी संतों, महंतों एवं अतिथियों को अंगवस्त्र व दक्षिणा भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, महंत राम शंकर दास रामायणी, महंत श्री राम कृष्ण दास रामायणी, संत वरुण दास, पेड़ा महाराज, सूर्य नारायण दास, पवन दास सहित बड़ी संख्या में संत, साधक एवं बड़ा स्थान के शिष्यगण उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन