अष्टयाम सेवा-प्रवचन में पादुका सेवा की महिमा का बखान : भरतजी की 14 वर्षों की पादुका सेवा ने रखी रामराज्य की नींव : आचार्य श्रीमहंत मिथिलेश नंदिनी शरण
admin
Tue, Nov 17, 2026
अष्टयाम सेवा-प्रवचन में पादुका सेवा की महिमा का बखान
भरतजी की 14 वर्षों की पादुका सेवा ने रखी रामराज्य की नींव : आचार्य श्रीमहंत मिथिलेश नंदिनी शरण
बड़ा भक्तमाल मंदिर में 51वें साकेतोत्सव पर नौ दिवसीय अष्टयाम सेवा-प्रवचन का आयोजन, आचार्य ने गुरु की महिमा और श्रीराम की पादुकाओं के आध्यात्मिक महत्व पर डाला प्रकाश
अयोध्या। भगवान श्रीराम की भक्ति में समर्पण, सेवा और गुरु की महिमा का विशेष स्थान है। प्रभु के चरणों की सेवा का भाव ही भक्त को उनके निकट पहुंचाता है। भरतजी ने 14 वर्षों तक भगवान श्रीराम की चरण पादुकाओं को सिंहासन पर विराजमान कर जिस निष्ठा से उनकी सेवा की, वह भारतीय आध्यात्मिक परंपरा में आदर्श समर्पण का प्रतीक है। यह प्रसंग बड़ा भक्तमाल मंदिर में आयोजित रामकथा के दौरान हनुमत निवास पीठाधीश्वर आचार्य श्रीमहंत मिथिलेश नंदिनी शरण महाराज ने सुनाया।
बड़े भक्तमाल मंदिर के संस्थापक श्रीमहंत रामशरण दास जी महाराज के 51वें साकेतोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में नौ दिवसीय अष्टयाम सेवा-प्रवचन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें व्यासपीठ से आचार्य मिथिलेश नंदिनी शरण महाराज श्रद्धालुओं को रामभक्ति और रसिक उपासना के विभिन्न प्रसंगों का रसपान करा रहे हैं। सोमवार शाम की कथा में उन्होंने भगवान श्रीराम की पादुका सेवा का आध्यात्मिक महत्व विस्तार से समझाया।
आचार्य ने कहा कि भगवान श्रीराम और माता जानकी की प्रत्येक लीला जीवों के कल्याण के लिए है। उनकी मंगला आरती का महत्व कल्पवृक्ष से भी बढ़कर है। कल्पवृक्ष मनुष्य की इच्छाओं के अनुरूप फल प्रदान करता है, लेकिन श्रीसीताराम युगल सरकार अपने भक्तों के लिए वही करते हैं, जिसमें उनका वास्तविक कल्याण निहित होता है। इसलिए भक्त को अपनी इच्छाओं से अधिक प्रभु की कृपा और उनकी इच्छा पर विश्वास रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भगवान के वास्तविक स्वरूप का दर्शन और उनकी सेवा की विधि गुरु के मार्गदर्शन से ही प्राप्त होती है। गुरु शिष्य की पात्रता के अनुसार मंत्र दीक्षा देते हैं और उसके इष्ट का स्वरूप, उपासना पद्धति तथा सेवा के नियम बताते हैं। केवल मंत्र प्राप्त कर लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उस मंत्र के माध्यम से आराध्य के स्वरूप का ज्ञान और सेवा का भाव विकसित करना भी आवश्यक है। गुरु ही भक्त को इस मार्ग पर आगे बढ़ाते हैं।
भरतजी के चरित्र का उल्लेख करते हुए आचार्य ने कहा कि भगवान श्रीराम की पादुकाएं उनके चरणों का भार उठाती हैं। प्रभु के मार्ग में आने वाले कांटे, कंकड़, धूप और प्रतिकूल परिस्थितियों को सहन कर पादुकाएं सदैव उनके साथ रहती हैं। भरतजी ने इसी पादुका सेवा के भाव को आत्मसात किया और 14 वर्षों तक पादुकाओं को सिंहासन पर विराजमान रखकर अयोध्या का शासन चलाया। उन्होंने स्वयं को राजा नहीं, बल्कि प्रभु का सेवक मानकर राजधर्म निभाया। यही रामराज्य की मूल भावना थी।
आचार्य ने दक्षिण भारत के महान संत वेदांत देशिक का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि उन्होंने भगवान श्रीरंगनाथ की पादुकाओं की महिमा में 1008 श्लोकों की रचना की थी। इस प्रसिद्ध ग्रंथ का नाम 'श्रीरंगनाथ पादुका सहस्रम्' है। इसमें भरतजी के समर्पण और भगवान की पादुकाओं की महिमा का भावपूर्ण वर्णन मिलता है।
कथा के दौरान आचार्य पीठ श्रीलक्ष्मण किला के संस्थापक रसिक संप्रदाय के सिद्ध संत आचार्य युगलानन्यशरण की जयंती का भी उल्लेख किया गया। आचार्य मिथिलेश नंदिनी शरण ने उनके जीवन, साधना और भगवान श्रीसीताराम की अष्टयाम उपासना से जुड़ी परंपरा पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। मंदिर में चल रहे इस नौ दिवसीय आयोजन में रामभक्ति और संत परंपरा से जुड़े प्रसंगों का श्रद्धालु लाभ उठा रहे हैं। महोत्सव का संयोजन बड़ा भक्त माल पीठाधीश्वर श्रीमहंत अवधेश दास महाराज कर रहें। आयें हुए अतिथियों का स्वागत कृष्ण दास सहित बड़ा भक्त माल परिवार कर रहा है। इस मौके पर रसिक पीठाधीश्वर श्री महंत जन्मेजय शरण, महंत अवध किशोर शरण, महंत अमित दास सहित बड़ी संख्या में संत साधक व कथा प्रेमी मौजूद रहें।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन