सरयू घाटों पर छठ महापर्व की धूम : श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व, अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य
admin
Sun, Nov 15, 2026
सरयू घाटों पर छठ महापर्व की धूम
श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व, अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य
36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद व्रती महिलाओं ने की पूजा-अर्चना, ढोल-नगाड़ों के साथ घाटों पर पहुंचे श्रद्धालु; प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने पत्नी वंदना के साथ किया पूजन
अयोध्या। भगवान राम की नगरी अयोध्या में रविवार को लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। महापर्व के तीसरे दिन सरयू नदी के विभिन्न घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। व्रती महिलाओं ने 36 घंटे का निर्जला व्रत रखते हुए सरयू की जलधारा में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की। घाटों पर पारंपरिक छठ गीतों की गूंज और भक्ति के वातावरण ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। छठ पूजा के अवसर पर व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ सुबह से ही तैयारियों में जुटी रहीं। शाम होते ही महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजन सामग्री, फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद से सजे बांस के सूप लेकर सरयू घाटों की ओर रवाना हुईं। कई परिवार ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते और छठी मैया के पारंपरिक गीत गाते हुए घाटों तक पहुंचे। श्रद्धालुओं के चेहरों पर पर्व को लेकर विशेष उत्साह और उल्लास दिखाई दिया।
36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद सूर्य को अर्घ्य
महापर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से छठी मैया की पूजा-अर्चना की। 36 घंटे से निर्जला व्रत रख रहीं महिलाओं ने सरयू की जलधारा में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान परिवार के सदस्य भी पूजन में शामिल रहे। महिलाओं ने सूप में फल, प्रसाद और पूजन सामग्री सजाकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। मान्यता के अनुसार छठ पर्व में सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना से परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और संतान की मंगलकामना पूरी होती है।
ऋषिकेश उपाध्याय ने पत्नी के साथ किया पूजन
अयोध्या नगर निगम के प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने अपनी धर्मपत्नी वंदना उपाध्याय के साथ छठ महापर्व पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने छठ महापर्व की महत्ता बताते हुए कहा कि छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य और लोक आस्था के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का महान अवसर है। यह पर्व हमें अनुशासन, पवित्रता, त्याग और परिवार के प्रति समर्पण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि छठी मैया और भगवान सूर्य की उपासना लोकजीवन में आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के परिवारों में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
छठ महापर्व को लेकर प्रशासन की ओर से सरयू घाटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए घाटों पर निगरानी और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सूर्यास्त के समय हजारों दीपों, पूजा के सजे सूपों और छठी मैया के गीतों से सरयू तट का वातावरण भक्तिमय हो उठा। सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने परिवार के साथ पूजा संपन्न की। सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन