महंत जगन्नाथ दास की तीसरी पुण्यतिथि पर संतों ने अर्पित की श्रद्धांजलि : जायसवाल पंचायती मंदिर में हुई श्रद्धांजलि सभा, संतों ने सेवा और समर्पण के योगदान को किया याद
admin
Thu, Nov 26, 2026
महंत जगन्नाथ दास की तीसरी पुण्यतिथि पर संतों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
जायसवाल पंचायती मंदिर में हुई श्रद्धांजलि सभा, संतों ने सेवा और समर्पण के योगदान को किया याद
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या के टेढ़ीबाजार स्थित सुप्रसिद्ध पीठ श्रीराम जानकी जायसवाल पंचायती मंदिर के पूर्वाचार्य ब्रह्मलीन महंत जगन्नाथ दास महाराज की तीसरी पुण्यतिथि गुरुवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में अयोध्या के बड़ी संख्या में संत-महंतों ने सहभागिता कर साकेतवासी महंत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। संतों ने उनके चित्रपट पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आध्यात्मिक योगदान, सेवा कार्यों और प्रेरणादायी व्यक्तित्व का स्मरण किया।
पुण्यतिथि के अवसर पर मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों का भी आयोजन हुआ। प्रातःकाल मंदिर के गर्भगृह में विराजमान युगल सरकार का विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन किया गया। भगवान को फल, मिष्ठान और विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित कर आरती उतारी गई। इसके उपरांत ब्रह्मलीन महंत जगन्नाथ दास महाराज के चित्रपट का पूजन-अर्चन कर आरती की गई। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और गुरु स्मरण का वातावरण बना रहा।श्रद्धांजलि सभा में जायसवाल मंदिर के वर्तमान पीठाधिपति महंत श्यामसुंदर दास महाराज ने उपस्थित संत-महंतों का स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गुरुदेव महंत जगन्नाथ दास महाराज की पुण्यतिथि पूरी निष्ठा और श्रद्धाभाव के साथ मनाई गई। उन्होंने कहा कि गुरुदेव अप्रतिम प्रतिभा के धनी, उदार हृदय और सरल स्वभाव के संत थे। उनका संपूर्ण जीवन गौसेवा, संतसेवा और प्रभु भक्ति को समर्पित रहा। वह भजनानंदी संत होने के साथ सेवा को ही अपना सर्वोच्च धर्म मानते थे।
महंत श्यामसुंदर दास महाराज ने कहा कि महंत जगन्नाथ दास महाराज ने अपने आचरण और व्यवहार से सदैव सेवा का संदेश दिया। उन्होंने अपने शिष्यों और अनुयायियों को भी सेवा धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनका जीवन 'सेवा ही परम धर्म' की भावना का जीवंत उदाहरण था। उन्होंने अपने कार्यकाल में आश्रम का सर्वांगीण विकास किया और ऐसी परंपराएं स्थापित कीं, जिनका निर्वहन आज भी पूरी निष्ठा से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिर में ठाकुरजी की नियमित सेवा-पूजा के साथ गौसेवा, संतसेवा, विद्यार्थियों और आश्रम में आने वाले अतिथियों की सेवा निरंतर संचालित हो रही है। सभी धार्मिक उत्सव, समैया और त्योहार भी परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार मनाए जा रहे हैं। गुरुदेव द्वारा स्थापित सेवा और समर्पण की परंपरा ही मंदिर की पहचान बनी हुई है।
इस अवसर पर महंत रामनरेश दास, महंत वैदेहीवल्लभ शरण, महंत जयराम दास, महंत करुणानिधान शरण, महंत उमेश दास, महंत राममिलन शरण, महंत बालक दास, महंत सनतकुमार दास, महंत अवधकिशोर शरण, महंत रामलोचन शरण, महंत सीताराम दास, महंत प्रियाशरण, महंत प्रियाप्रीतम शरण, महंत गणेशानंद दास, महंत नवल दास, महंत दिलीप दास, स्वामी गयाशरण, महंत बालयोगी रामदास, महंत रामनारायण दास, महंत रामनरेश शरण, महंत रामानुज शरण, महंत महेश दास, महंत गोविंद दास, महंत मथुरा दास, महंत गंगादास और रामायणी गोवर्धन दास सहित बड़ी संख्या में संत-महंत उपस्थित रहे।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन