महंत अभय दास के तेरहवीं भंडारे में संतों ने सर्वसम्मति से लिया निर्णय : राजदास को गुरु की परंपरा और धार्मिक दायित्वों को आगे बढ़ाने का संतों ने दिया आशीर्वाद
admin
Fri, Nov 27, 2026
महंत अभय दास के तेरहवीं भंडारे में संतों ने सर्वसम्मति से लिया निर्णय, वरिष्ठ महंतों ने दिया आशीर्वाद
राजदास को गुरु की परंपरा और धार्मिक दायित्वों को आगे बढ़ाने का संतों ने दिया आशीर्वाद
अयोध्या। श्री हनुमानगढ़ी की सागरिया पट्टी से जुड़े दिवंगत युवा अभय दास के योग्य शिष्य राजदास को उनके स्थान की महंताई सौंपी गई है। महंत अभय दास के आकस्मिक साकेतवास के बाद पंचाग पट्टी सागरिया पट्टी के श्रीमहंत धर्म सम्राट ज्ञानदास महाराज के आशीर्वाद से संत समाज ने यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया। तेरहवीं भंडारे में श्रीपंच निर्वाणी अनि अखाड़ा के वरिष्ठ नागा साधु-संतों की मौजूदगी में राजदास को महंताई की जिम्मेदारी प्रदान की गई। महंत अभय दास की तेरहवीं पर श्रीपंच निर्वाणी अनि अखाड़ा, हनुमानगढ़ी का विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें हनुमानगढ़ी की चारों पट्टियों के महंतों और बड़ी संख्या में नागा साधु-संतों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में सबसे पहले संतों ने दिवंगत महंत अभय दास को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद संत समाज की सहमति से उनके शिष्य राजदास को महंताई की जिम्मेदारी सौंपी गई। उपस्थित वरिष्ठ संतों ने उन्हें आशीर्वाद देकर गुरु की परंपरा और धार्मिक दायित्वों को आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई।हनुमानगढ़ी की संत परंपरा में गुरु के बाद योग्य शिष्य को जिम्मेदारी सौंपने की परंपरा रही है। इसी क्रम में राजदास को महंताई मिलने से स्थान की व्यवस्था और परंपरा को आगे बढ़ाने का दायित्व अब उनके कंधों पर होगा। संतों ने उनके सफलतापूर्वक दायित्व निर्वहन की कामना की। भंडारे में निर्वाणी अनि अखाड़ा के श्रीमहंत मुरलीदास महाराज, तीनों अनि अखाड़ों के पूर्व प्रधानमंत्री महंत माधव दास, संकट मोचन सेना के अध्यक्ष महंत संजय दास, महासचिव महंत सत्यदेव दास, महंत नंदराम दास, बसंतिया पट्टी के श्रीमहंत रामचरण दास, उज्जैनिया पट्टी के श्रीमहंत संदीप दास, महंत डॉ. महेश दास, महंत राजेश दास पहलवान, सरपंच महंत रामकुमार दास, महंत रामकरन दास, महंत विवेक दास, महंत हेमंत दास, महंत उपेंद्र दास, पुजारी रमेश दास, महंत सूर्यभान दास, महंत मनीराम दास, लवकुश दास और अभिषेक दास सहित बड़ी संख्या में नागा साधु-संत मौजूद रहे। भंडारे में संतों ने प्रसाद ग्रहण किया और महंत अभय दास के प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन